गोरखपुर का खानिमपुर अंडरपास बंद, खजनी मार्ग पर डायवर्जन
गोरखपुर के खजनी क्षेत्र का खानिमपुर अंडरपास सीसी सड़क निर्माण के लिए 2 अगस्त तक बंद कर दिया गया है, जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित है। जलभराव और गड्ढ ...और पढ़ें

निर्माण कार्य के कारण खानीपुर फोरलेन के नीचे खजनी रोड को किया गया बंद। जागरण
HighLights
खानिपुर अंडरपास सीसी सड़क निर्माण हेतु 2 अगस्त तक बंद।
जलभराव और गड्ढों से बचने के लिए सीसी सड़क बन रही।
डायवर्जन के कारण वैकल्पिक मार्गों पर भारी जाम लग रहा है।
गरण संवाददाता, गोरखपुर। सीसी सड़क निर्माण के लिए खजनी क्षेत्र का खानिमपुर अंडरपास बंद कर दिया गया है। अंडरपास से वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। दो अगस्त तक के लिए लोक निर्माण विभाग ने डायवर्जन लिया है।
इससे गोरखपुर की तरफ से खजनी और खजनी की तरफ से गोरखपुर आने वालों को दूसरे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है। खानिमपुर अंडरपास से होते हुए खजनी और गोरखपुर की तरफ आवागमन होता है। अंडरपास से होते हुए गोरखपुर-कुशीनगर फोरलेन पर भी जाया जा सकता है। यहां से होते हुए लखनऊ या कुशीनगर तक आसानी से जाया जा सकता है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रोनित सिंह ने कहा कि अंडरपास के नीचे जलभराव के कारण तारकोल की सड़क बहुत जल्द टूट जाती थी। इसलिए इस बार यहां सीसी सड़क बनाई जा रही है।
मार्गों पर लग रहा जाम
छोटे चार पहिया वाहन छपिया के रास्ते पेप्सिको फैक्ट्री होते हुए ककना गांव के पास खजनी मार्ग से आ जा रहे हैं। डायवर्जन के कारण वैकल्पिक मार्गों पर भारी जाम लग रहा है। सुबह-शाम स्कूली बच्चों की गाड़ियां और नौकरीपेशा लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। रास्ता लंबा होने से ईंधन और समय दोनों की बर्बादी हो रही है।
भारी वाहनों के कारण हो गया गड्ढा
भारी वाहनों के आने-जाने के कारण अंडरपास के नीचे बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। इस कारण आए दिन हादसे हो रहे थे। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सड़क बनाने का निर्णय लिया था। अंडरपास के नीचे जलभराव को देखते हुए सीसी सड़क बनाने की शुरुआत की गई। तकरीबन सौ मीटर लंबाई में सड़क बनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में राप्ती पुल के पास धंसी सड़क, पीडब्लूडी ने की बैरिकेडिंग
ऐसे आ-जा रहे हैं वाहन
- गोरखपुर की तरफ से खजनी की ओर जाने वाली सभी बड़ी गाड़ियां नौसढ़, बोक्टा, पिपरौली-जैतपुर के रास्ते खजनी जा रही हैं।
- खजनी की ओर से महानगर आने वाले वाहन जैतपुर-पिपरौली के रास्ते कालेसर नौसढ़ होकर शहर पहुंच रहे हैं।