यूपी में एक बार फिर सक्रिय होगा मानसून, गोरखपुर में भारी बारिश की चेतावनी
गोरखपुर में 27 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है, जबकि 26 जुलाई से मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। वर्तमान में मानसून पश्चिम-मध्य भारत की ओर खिसक गया है ...और पढ़ें

गोरखपुर में बारिश का अलर्ट।
HighLights
गोरखपुर में 27 जुलाई को भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
26 जुलाई से मानसूनी गतिविधियों में फिर से तेजी आएगी।
वर्तमान में मानसूनी सक्रियता पश्चिम-मध्य भारत की ओर खिसक गई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मानसूनी गतिविधियों की रफ्तार एक बार फिर बढ़ने के संकेत मिले हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने 27 जुलाई को कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इससे पहले शनिवार और रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम तो कहीं अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी का स्तर अधिकतम 90 और न्यूनतम 75 प्रतिशत रहा। वर्षा शून्य दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानी टीबी सिंह ने बताया कि वर्तमान में मानसूनी सक्रियता का दौर पश्चिम-मध्य भारत की ओर खिसक गया है, जिसके कारण वर्षा कम हो रही है। मानसूनी द्रोणी (ट्रफ) अपनी सामान्य स्थिति से खिसककर जैसलमेर, कोटा, दमोह, डाल्टनगंज, कोंटाई होते हुए उत्तरी-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गई है। कोई सक्रिय मौसम तंत्र न बनने की वजह से वर्षा की स्थिति सीमित हुई है।
मौसम विज्ञानी का कहना है कि मानसूनी द्रोणी के दोबारा उत्तर की ओर बढ़ने पर तेज वर्षा का दौर प्रारंभ होगा। 26 जुलाई से मानसूनी गतिविधियों में तेजी आएगी। इसके बाद 27 जुलाई से वर्षा का प्रभाव तेज होने की संभावना भी बन रही है।