गोरखपुर के रामगढ़ताल में टकराई दो बोट, एक युवक की मौत और 9 लोग घायल
गोरखपुर के रामगढ़ताल में रविवार रात स्पीड बोट और स्लो बोट की टक्कर में 21 वर्षीय लखमुद्दीन अंसारी की मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के नौ सदस्य घायल हो ग ...और पढ़ें
-1785084647364_m.webp)
बोट संचालक से पूछताछ करती पुलिस।
HighLights
रामगढ़ताल में स्पीड बोट ने स्लो बोट को टक्कर मारी।
हादसे में 21 वर्षीय लखमुद्दीन अंसारी की मौत हुई।
नौ लोग घायल, स्पीड बोट चालक हिरासत में लिया गया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रामगढ़ताल में रविवार रात नौकायन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफार्म नंबर चार से संचालित स्पीड बोट ने पर्यटकों को लेकर चल रही प्लेटफार्म नंबर पांच की स्लो बोट में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुशीनगर के 21 वर्षीय लखमुद्दीन अंसारी की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के नौ लोग घायल हो गए।
टक्कर के बाद दोनों बोटों में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त अनिल ढींगरा,डीआइजी डा. एस चनप्पा,डीएम दीपक मीणा,एसएसपी डा. कौस्तुभ घटनास्थल व जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। प्रशासन ने दोनों प्लेटफार्म संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

हादसा रविवार रात करीब 8:55 बजे नौकायन के पास हुआ। कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के अजीजनगर निवासी लखमुद्दीन अंसारी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ स्लो बोट से रामगढ़ताल की सैर कर रहा था। बोट पर लखमुद्दीन के साथ उसके बड़े भाई सलाउद्दीन,बहन नाजिया, मौसी का बेटा कयामुद्दीन, कयामुद्दीन का चार वर्षीय बेटा हमजा,पत्नी रुक्साना खातून, बेटियां नूरसभा, गुलसभा और सनाया इसके अलावा उसके दोस्त सुहेल और एक अन्य युवक भी सवार थे।
इसी दौरान पीछे से आई स्पीड बोट ने उनकी बोट में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोट पर सवार लोग पानी में गिर पड़े। मौके पर मौजूद बोट संचालकों ने सभी को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल लखमुद्दीन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। कयामुद्दीन के कंधे में व उसके बेटे हमजा के सिर में गंभीर चोट लगी है।
खबरें और भी

सात अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। टक्कर के बाद स्पीड बोट पर सवार पांच लोग भी पानी में गिर गए,जो सुरक्षित बाहर निकलने के बाद घर चले गए। रामगढ़ताल थाना पुलिस स्पीड बोट चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। स्लो बोट चला रहे अभिषेक को भी चोट लगी है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।