गोरखपुर में सड़क हादसा, खड़ी गाड़ी से टकराया सरिया लदा ट्रेलर, चालक की मौत
गोरखपुर के कहला ओवरब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरिया लदा ट्रेलर पहले से खड़ी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से टकरा गया, जिससे चालक साद्दीक की मौके पर ही ...और पढ़ें

खड़ी गाड़ी से टकराया ट्रेलर।
HighLights
कहला ओवरब्रिज पर सरिया लदा ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त।
खड़ी गाड़ी से टकराने पर चालक साद्दीक की मौत।
गगहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। फोरलेन के कहला ओवरब्रिज पर भोर में दर्दनाक सड़क हादसे में सरिया लदा ट्रेलर पहले से खड़ी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रालर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक साद्दीक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची गगहा पुलिस क्रेन से खींचकर केबिन को फैलाया और चालक का शव बाहर निकाला। यह हादसा गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर हुआ।
कहला ओवरब्रिज पर रविवार की सुबह गिट्टी लादकर जा रहे ट्रेलर को ओवरटेक करते हुए एक अन्य ट्रालर चालक ने आगे जाकर अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, जिससे गिट्टी लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर उसके पीछे टकरा गया। इसमें चालक को हल्की चोट आई, लेकिन टक्कर तेज होने से गाड़ी के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
इस घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रालर को फोरलेन से हटाने की जगह वहीं पर छोड़ दिया गया, जिसके कारण सोमवार की भोर में चार बजे बड़हलगंज की ओर से सरिया लादकर आ रहा ट्रालर जैसे ही कहला ओवरब्रिज पर पहुंचा, चालक को आगे सड़क पर खड़ी क्षतिग्रस्त गाड़ी नहीं दिखी और तेज रफ्तार वाहन उसके पिछले हिस्से से जा भिड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। थानाध्यक्ष गगहा राजकुमार सरोज ने बताया कि चालक की पहचान बड़हलगंज निवासी 47 वर्ष सिद्दीकी के रूप में हुई है। स्वजन को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।