गोरखपुर में 70 लाख के बकाये में काटी सहारा एस्टेट के पंप की बिजली, पानी का खड़ा हो गया संकट
गोरखपुर के सहारा एस्टेट में 70 लाख रुपये के बिजली बिल बकाया होने पर पानी के पंप की बिजली काट दी गई है। इससे एस्टेट में पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
सहारा एस्टेट के पानी पंप की बिजली कटी।
70 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया कारण।
निवासियों ने नगर आयुक्त से पानी बहाली की मांग की।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सहारा एस्टेट में लगे पानी के पंप की बिजली आपूर्ति बुधवार को 70 लाख रुपये के बकाये में काट दी गई। बिजली निगम के अभियंता बकाया जमा करने के लिए लगातार चेतावनी दे रहे थे लेकिन रुपये नहीं जमा हो रहे थे। बिजली कटने से सहारा एस्टेट में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। नागरिकों ने नगर आयुक्त से पानी की व्यवस्था की मांग की है।
सहारा एस्टेट के पंप पर बिजली का बकाया कई साल से बढ़ रहा है। कुछ साल पहले भी बिजली कटी थी। तब अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कुछ रुपये जमा कर आपूर्ति बहाल कराई गई थी। लेकिन इसके बाद से बिजली का बिल नहीं जमा हो रहा था। अब बकाया 70 लाख रुपये हो गया है।
नगरीय विद्युत वितरण खंड मोहद्दीपुर के अधिशासी अभियंता सतीश कुमार जायसवाल ने कहा कि पानी के पंप पर बकाया 70 लाख चार हजार 162 रुपये हो गया है। कई दिन से रुपये जमा करने को कहा जा रहा था। रुपये जमा होंगे तो कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा। यदि किसी ने बिना रुपये जमा किए अवैध तरीके से कनेक्शन जोड़ा तो उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- महराजगंज के भरोसे गोरखपुर में बिजली, तीन साल में 12 किमी नहीं बना पाए लाइन
छह हजार लोगों के सामने खड़ा हो गया संकट
'जन कल्याणकारी आवासीय समिति' के अध्यक्ष आनंद प्रकाश त्रिपाठी और सेक्रेटरी मनजीत कुमार सिंह ने नगर आयुक्त अजय जैन से हस्तक्षेप की मांग की है। कहा कि कालोनी को नगर निगम में शामिल हुए चार वर्ष से अधिक का समय हो चुका है।
खबरें और भी
यहां के निवासी नगर निगम को नियमित रूप से जलकर और गृहकर दे रहे हैं। इसके बाद भी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। समिति ने नगर आयुक्त से मामले का संज्ञान लेने और जनहित में जल्द से जल्द पानी और बिजली की इस बुनियादी सुविधा को बहाल कराने का अनुरोध किया है।