गोरखपुर में दो हजार सीसी कैमरे खंगालने पर मिले स्कॉर्पियो चोर, बिहार से बरामद हुई गाड़ी
गोरखपुर में भाजपा नेता के भाई की स्कॉर्पियो चोरी मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर बिहार के गोपालगंज से चोरी क ...और पढ़ें

स्काॅर्पियो लेकर भागते चोर (लाल घेरे में ) l वीडियो ग्रैब
HighLights
भाजपा नेता के भाई की स्कॉर्पियो चोरी हुई।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चोरी की स्कॉर्पियो बिहार से बरामद की गई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भाजपा नेता के भाई की स्कॉर्पियो चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर बिहार के गोपालगंज जिले से चोरी की गई स्कार्पियो बरामद कर ली गई।
जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने साफ्टवेयर की मदद से कुछ ही मिनटों में स्कॉर्पियो का लाक खोलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब वारदात में प्रयुक्त कार, गिरोह के अन्य सदस्यों और वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के घोसीपुरवा निवासी भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद मंतालाल यादव के भाई अभयनंदन यादव की स्कॉर्पियो 11 जुलाई की भोर में उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज से पता चला कि बदमाश एक कार से आए थे और स्कार्पियो का लाक खोलने के बाद उसे भटहट, कुशीनगर होते हुए बिहार की ओर लेकर फरार हो गए थे। घटना का पर्दाफाश करने के लिए शाहपुर पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस की पांच टीमें लगाई गई थीं।
पुलिस ने गोरखपुर, कुशीनगर और बिहार तक के मार्ग पर लगे करीब दो हजार से अधिक सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मोबाइल फोन की लोकेशन, टोल प्लाजा के रिकार्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
खबरें और भी
जांच के दौरान मिले इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के बाद तीनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर गोपालगंज (बिहार) से चोरी की गई स्कार्पियो बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने विशेष साफ्टवेयर की मदद से स्कार्पियो का लाक खोला था और कुछ ही मिनटों में वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस अब उस कार की तलाश कर रही है, जिससे सवार होकर आरोपित वारदात करने आए थे। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने प्रदेश और आसपास के जिलों में वाहन चोरी की अन्य कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बरामद वाहन का परीक्षण कराने के साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए गए तकनीकी उपकरण और साफ्टवेयर के संबंध में भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
यह भी पढ़ें- एक थप्पड़ की रंजिश में दोस्तों ने रची खूनी साजिश, गोरखपुर में हत्याकांड का पर्दाफाश
गाड़ी नहीं हो रही स्टार्ट
साफ्टवेयर की मदद से गिरोह ने स्कार्पियो का लाक तोड़ा था। पुलिस के घेराबंदी करने पर गोपालगंज जिले में एक सुनसान स्थान पर बगीचे में गाड़ी को छिपा दिया। तीन आरोपितों के पकड़े जाने पर पुलिस को जब पता चला तो टीम मौके पर पहुंची लेकिन लाक खराब होने की वजह से स्कार्पियो स्टार्ट नहीं हुई,जिसके बाद उसे खींचकर गोरखपुर लाया जा रहा है।