Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर वैभव हत्याकांड: मुख्य आरोपी के भाई पर 25 हजार रुपये का इनाम, आज दाखिल होगी चार्जशीट

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 10:33 AM (IST)

    गोरखपुर के खजनी में वैभव वर्मा हत्याकांड की विवेचना 10 दिन में पूरी हो गई है, मुख्य आरोपी सर्वेश भट्ट समेत पांच के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होगी। शव और सा ...और पढ़ें

    खजनी पुलिस ने वैभव की हत्या के मामले में सर्वेश समेत पांच को भेज चुकी है जेल, विवेचना भी पूरी। जागरण

    खजनी पुलिस ने वैभव की हत्या के मामले में सर्वेश समेत पांच को भेज चुकी है जेल, विवेचना भी पूरी। जागरण

    HighLights

    1. वैभव वर्मा हत्याकांड की विवेचना 10 दिन में पूरी।

    2. मुख्य आरोपी सर्वेश भट्ट समेत पांच पर चार्जशीट।

    3. फरार सतीश भट्ट पर 25 हजार रुपये का इनाम।

    जागरण संवाददाता, खजनी (गोरखपुर)। सराफा कारोबारी हनुमान वर्मा के बेटे वैभव वर्मा की हत्या के मामले में खजनी पुलिस ने मुख्य आरोपित सर्वेश भट्ट समेत पांच लोगों के खिलाफ विवेचना 10 दिन में पूरी कर ली है। गुरुवार को आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

    इस बीच, शव और साक्ष्य छिपाने के आरोप में फरार चल रहे सर्वेश के भाई सतीश भट्ट की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके साथ ही सतीश के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया है।

    पुलिस ने 35 पन्नों की चार्जशीट में कंप्यूटर शिक्षक सर्वेश उर्फ बिट्टू शर्मा को मुख्य आरोपित बनाया है। इसके अलावा उसके पिता हरिनारायण शर्मा, भाई सत्येंद्र कुमार भट्ट उर्फ जिले, पत्नी अनामिका शर्मा और बबली शर्मा को भी साजिश में शामिल होने और शव छिपाने का आरोपित बनाया गया है।

    27 जुलाई को चौथी कक्षा का छात्र वैभव स्कूल से घर लौटने के बाद साइकिल लेकर खेलने निकला था। देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद साइकिल और चप्पल मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों का गठन किया और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज, फोरेंसिक टीम, डाग स्क्वाड तथा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की।

    खबरें और भी

    जांच के दौरान पड़ोसी एवं कंप्यूटर कोचिंग संचालक सर्वेश कुमार भट्ट की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस के अनुसार, सर्वेश 36 लाख रुपये से अधिक कर्ज में डूबा था और फिरौती वसूलने के उद्देश्य से वैभव के अपहरण की साजिश रची थी।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर वैभव हत्याकांड: जांच पूरी होते ही तेज होगी आरोपी का घर गिराने की प्रक्रिया, नहीं दिखा सके मानचित्र

    उसने इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद से फिरौती मांगने के तरीके खोजे और पहचान छिपाने के लिए कंबोडिया का वर्चुअल मोबाइल नंबर खरीदा। फिरौती की रकम मंगाने के लिए बैंक खाता भी खुलवाया था। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

    दिनेश कुमार पुरी, एसपी दक्षिणी ने कहा कि जेल जा चुके मुख्य आरोपित समेत पांच की विवेचना पूरी कर ली गई है। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और आरोपितों की भूमिका के आधार पर चार्जशीट तैयार की गई है, जिसे गुरुवार को कोर्ट में दाखिल किया जाएगा। फरार आरोपित पर इनाम घोषित किया गया है, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। कोर्ट की प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।