Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में रिश्ता तोड़ने की कसम से नाराज युवक ने की महिला की हत्या, देवर का दोस्त निकला कातिल

    Updated: Fri, 03 Apr 2026 09:55 AM (IST)

    गजपुर बाजार की खुशबू की हत्या उसके देवर के दोस्त सीताराम ने की। शादी के बाद दोनों में प्रेम संबंध था, जिसे खुशबू ने तोड़ने की कसम ली। इससे नाराज सीतार ...और पढ़ें

    हत्यारोपी सीताराम और मृतक खुशबू। जागरण

    हत्यारोपी सीताराम और मृतक खुशबू। जागरण

    HighLights

    1. खुशबू की हत्या देवर के दोस्त सीताराम ने की।

    2. रिश्ता तोड़ने की कसम लेने पर सीताराम नाराज हुआ।

    3. छत पर चाकू से गला रेतकर हत्या को अंजाम दिया।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गजपुर बाजार की रहने वाली खुशबू की हत्या उसके देवर के दोस्त ने की है। शादी के बाद महिला का हत्यारोपित सीताराम से प्रेम संबंध हो गया था। जानकारी होने के बाद ससुराल और मायके वालों की मौजूदगी में कई बार पंचायत हुई। बावजूद इसके आरोपित पीछा नहीं छोड़ रहा था। बुधवार की शाम वह खुशबू के पास गया, तो वह रिश्ता तोड़ने की कसम लेने लगी।

    इससे नाराज होकर आरोपित ने उसका गला रेतकर हत्या कर दी। आसपास लगे सीसी कैमरे में पूरा घटनाक्रम कैद है। गगहा थाना पुलिस समेत छह टीमें आरोपित की तलाश में जुटी हैं। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो मायके वाले पुलिस और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।

    करीब 40 मिनट बाद पुलिस के समझाने और फुटेज दिखाने पर वे माने। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। बांसगांव क्षेत्र के लाहीडाड़ी गांव की खुशबू गौतम की शादी वर्ष 2022 में गजपुर निवासी उपेंद्र से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद उपेंद्र के छोटे भाई जितेंद्र का दोस्त सीताराम घर आने-जाने लगा।

    इसी दौरान खुशबू और सीताराम के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। एक दिन उपेंद्र ने दोनों को संदिग्ध अवस्था में देख लिया, जिसके बाद घर में विवाद बढ़ गया। मामला गांव की पंचायत तक पहुंचा, जहां दोनों को अलग रहने की हिदायत दी गई। इसके बाद उपेंद्र छह मार्च को दुबई चला गया। पति के विदेश जाने के बाद भी परिवार में तनाव बना रहा।

    खबरें और भी

    बुधवार को देवर जितेंद्र ने आरोपित दोस्त और भाभी को आमने-सामने बैठाकर रिश्ते को खत्म करने का दबाव बनाया। उसने खुशबू को गंगाजल देकर कसम दिलाई कि वह अब सीताराम से कोई संबंध नहीं रखेगी। इसके बाद खुशबू ने रिश्ता तोड़ने की कसम ली तो सीताराम नाराज हो गया और उसकी हत्या की योजना बना डाली।

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर में लड़की की जान बचाकर खुद डूबा किशोर, राप्ती नदी में तलाश जारी

    इसके बाद खुशबू शाम को छत पर टहलने पहुंची। इसी दौरान सीताराम बाहर लगी सीढ़ी से छत पर पहुंचा और खुशबू पर चाकू से हमला कर दिया, उसने गले पर कई वार किए और फरार हो गया। आसपास के लोग महिला को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

    एसपी दक्षिणी दिनेश पूरी ने बताया कि आरोपित और महिला के बीच के संबंधों को लेकर चार माह पहले भी घर में बैठकर पारिवारिक समझौता हुआ था। इसके बाद भी आरोपित सीताराम फोन कर महिला को बात करने के लिए दबाव बनाता था। इससे महिला के वैवाहिक जीवन में भी दरार पड़नी शुरू हो गई थी, जिसे देवर पूरी तरह से खत्म कराना चाहता था।

    देवर जितेंद्र की तहरीर पर आरोपित सीताराम के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। कुछ संदिग्ध जो उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।