उन्नाव सड़क हादसा: परिवार के खिलाफ जाकर अंजू ने किया था प्रेम विवाह, हादसे में मौत से छाया मातम
उन्नाव के यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में गोरखपुर की अंजू और उनकी छह वर्षीय बेटी अमृता की मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय बेटा रिध्यान्स गंभीर ...और पढ़ें

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। जागरण
HighLights
उन्नाव एक्सप्रेसवे पर कार-बस टक्कर में मां-बेटी की मौत।
गोरखपुर की अंजू ने दस साल पहले किया था प्रेम विवाह।
तीन वर्षीय बेटा रिध्यान्स गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी।
संवाद सूत्र, पीपीगंज, (गोरखपुर)। करतहरी की रहने वाली 35 वर्षीय अंजू पत्नी राजेश की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी छह वर्षीय पुत्री अमृता की भी जान चली गई, जबकि तीन वर्षीय मासूम बेटा रिध्यान्स गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्नाव के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से गांव में मातम छा गया है।
अंजू ने दस वर्ष पूर्व गांव के ही राजेश से परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों संतकबीरनगर में रहकर जीवनयापन कर रहे थे। वहीं से राजेश ने पत्नी और दोनों बच्चों को वृंदावन दर्शन के लिए कार से भेजा था। मंगलवार की रात दो बजे उन्नाव के यमुना एक्सप्रेसवे पर उनकी अर्टिगा कार की एक बस से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अंजू और उनकी पुत्री अमृता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम रिध्यान्स गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही राजेश समेत अन्य सदस्य गांव से उन्नाव के लिए रवाना हो गए। इधर, हादसे की खबर मिलते ही करतहरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर से कल मार्ग बदलकर चलेगी वंदे भारत, 12 ट्रेनों का संचालन प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार, प्रेम विवाह के कारण अंजू के पिता स्वामीनाथ ने वर्षों तक बेटी से दूरी बनाए रखी थी। हालांकि, बेटी की असामयिक मौत की सूचना मिलते ही पूरा परिवार गहरे सदमे में है। गांव में मातम का माहौल है और सभी घायल मासूम के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।