बेंगलुरु में हमीरपुर के युवक ने लाइव वीडियो पर दी जान, पत्नी ने तेजाब पीकर किया आत्महत्या का प्रयास
बेंगलुरु में फोन पर विवाद के बाद एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसका लाइव वीडियो उसने अपनी गर्भवती पत्नी को भेजा। पति की मौत की सूचना पर राठ ...और पढ़ें

HighLights
बेंगलुरु में युवक ने वीडियो कॉल पर फंदा लगाकर जान दी।
गर्भवती पत्नी ने राठ में तेजाब पीकर आत्महत्या का प्रयास किया।
पति-पत्नी के बीच फोन पर विवाद के बाद यह घटना हुई।
संवाद सहयोगी, राठ (हमीरपुर)। प्रेम विवाह का एक रिश्ता फोन पर हुए विवाद के बाद दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। कस्बे के फरसौलियाना मोहल्ले के एक युवक ने बेंगलुरु स्थित किराए के कमरे में रविवार की रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पति की मौत की सूचना मिलने के बाद राठ में रह रही उसकी चार माह की गर्भवती पत्नी ने सोमवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तेजाब पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिसे स्वजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया। उरई के बाद कानपुर रेफर किया गया।
गर्भवती है नंदिनी
फरसौलियाना निवासी 25 वर्षीय रोहित वर्मा पुत्र वीरेंद्र वर्मा बेंगलुरु में कपड़ों की एक दुकान पर काम करता था। करीब दो वर्ष पहले उसने दिल्ली के बावाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय नंदनी से प्रेम विवाह किया था। नंदनी वर्तमान में चार माह की गर्भवती है।
करीब दो माह पूर्व रोहित के पिता वीरेंद्र वर्मा का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दोनों राठ आए थे। इसके बाद रोहित वापस बेंगलुरु चला गया। जबकि पत्नी नंदनी राठ में ही रह रही थी। पिछले चार दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
खबरें और भी
दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट भी सामने आई है, जिसमें रोहित ने अपनी पत्नी का नंबर मोबाइल में नागिन नाम से सेव कर रखा था। रविवार देर रात दोनों के बीच फोन पर फिर कहासुनी हुई।
पत्नी को फंदा लगाने का लाइव वीडियो भेजा
इसी दौरान रोहित ने फंदा लगाने का लाइव वीडियो पत्नी को भेजा और इसके बाद बेंगलुरु स्थित अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से जुड़ा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में हलचल मच गई।
इस घटना के बाद सोमवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नंदनी ने राठ स्थित घर में तेजाब पी लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे सीएचसी ले गए। जहां से उरई और उरई से हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद रोहित के स्वजन तथा नंदनी की मां पूजा रो-रोकर बेहाल है।
पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और जांच की जा रही है। बेंगलुरु पुलिस से भी संपर्क कर तथ्य एकत्र किए जा रहे हैं। वहीं पड़ोसी व मृतक का चाचा बेंगलुरू से शव ला रहे हैं।