हमीरपुर: दो डंपरों की भिड़ंत के बाद हाईवे पर लगा पांच KM लंबा जाम, तीन घंटे फंसे रहे लोग
हमीरपुर हाईवे पर इंगोहटा के पास दो डंपरों की भीषण टक्कर से पांच किमी लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों वाहन तीन घंटे तक फंसे रहे। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। कानपुर हमीरपुर हाईवे के थाना सुमेरपुर अंतर्गत इंगोहटा के समीप स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री के पास मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें दो डंपरों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। जिसके बाद हाईवे पर करीब पांच किमी.लंबा जाम लग गया।
इस जाम में करीब तीन घंटे तक सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस घटना में एक डंपर चालक केबिन में फंस गया।
जिसे पुलिस व राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं जाम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मंगलवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे इंगोहटा गांव के पास दो डंपरों में जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें एक डंपर का चालक केबिन के अंदर ही फंस गया, जबकि दूसरे का चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से भाग निकला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे कानपुर निवासी डंपर चालक छोटू को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते करीब पांच किलोमीटर लंबा सुमेरपुर स्थित हिंदुस्तान यूनिलीवर से इंगोहटा के अरतरा मार्ग तक जाम लग गया।
सुबह काम पर निकलने वाले लोग, बसों में सफर कर रहे यात्री और जरूरी सेवाओं वाले वाहन तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे। गंतव्य के लिए निकले यात्री अपने तय समय से घंटों की देरी से पहुंचे।
पीएनसी के सुपरवाइजर संतोष कुमार चौधरी का कहना है कि जेके सीमेंट फैक्ट्री के पास आए दिन सड़क के दोनों ओर भारी वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं।
इस अवैध पार्किंग और संकरी होती सड़क के कारण यहां लगातार हादसे की आशंका बनी रहती है और यह हादसा भी इसी अव्यवस्था का नतीजा है। हादसे और जाम की सूचना पर पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त डंपरों हाईवे से हटवाकर किनारे करवाया। जिसके बाद वाहनों का संचालन शुरू हो सका।