भाजपा IT सेल के हापुड़ संयोजक पर ठगी की रिपोर्ट दर्ज, पीड़ित के फोन से मिलाया ऐसा नंबर पहुंची पुलिस; फिर रची साजिश
हापुड़ के बहादुरगढ़ में भाजपा आईटी विभाग के जिला संयोजक हरकेश खड़गवंशी पर ठगी का मामला दर्ज हुआ है। ...और पढ़ें

आरोपी ने पुलिस का डर दिखाकर ठगे रुपये। फोटो- एआई जनरेटेड
HighLights
भाजपा आईटी सेल संयोजक पर 20 हजार की ठगी का आरोप।
पुलिस रिपोर्ट के डर से पीड़ित से मांगे थे पैसे।
हापुड़ पुलिस ने आरोपी हरकेश खड़गवंशी पर केस दर्ज किया।
ध्रुव शर्मा, बहादुरगढ़। हापुड़ के बहादुरगढ़ थानाक्षेत्र के मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव के भाजपा आईटी विभाग के जिला संयोजक ने अपने गांव के ही एक परिवार को रिपोर्ट दर्ज होने का डर दिखाकर 20 हजार रुपये ठग लिए थे।
वह पांच हजार रुपये की और मांग कर रहा था। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर आरोपित हरकेश खड़गवंशी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर रूस्तमपुर गांव के रहने वाले हरकेश पुत्र रिसाल ने बताया कि गांव का ही रहने वाला हरकेश खड़गवंशी पुत्र सरुप सिंह अपने को भाजपा का नेता बताता है।
पीड़ित के ही मोबाइल से थाने में कर दिया फोन
कुछ दिन पहले एक परिचित को फोन करने की बात कहकर मेरा फोन ले लिया तथा 1076 पर एक फर्जी शिकायत कर दी। इसके बाद जांच करने थाने का दारोगा मेरे पास पहुंचा। तब मैंने साफ इनकार कर दिया कि कोई कॉल अथवा शिकायत नहीं की है।
इसके बाद दारोगा तो चला गया, लेकिन उक्त भाजपा पदाधिकारी हरकेश खड़गवंशी घर पहुंच गया। उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी होने की बात कहकर पीड़ित को भयभीत कर दिया।

रिपोर्ट से बचाने के नाम पर मांगे 20 हजार
चार अप्रैल को उसने रिपोर्ट से बचाने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित ने आसपास के लोगों से कर्ज लेकर 20 हजार रुपये उसको दे दिए। इसके बाद वह पुन: पांच हजार रुपये की मांग करने पहुंच गया।
इस तरह की हरकत से परेशान पीड़ित अपने परिवार के साथ थाने पर पहुंच गया। उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद दारोगा ने बताया कि उन्होंने कोई रुपया नहीं लिया है और न ही रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
थाना प्रभारी धीरज मलिक ने बताया कि जांच के बाद उक्त आरोपित हरकेश खड़गवंशी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में हरकेश पर कोई जिम्मेदारी नहीं है। इसी के साथ उन्होंने इस तरह का कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।