पिलखुवा में जमीन हड़पने का बड़ा खेल: मृत दादी की फर्जी वसीयत बनाकर दर्जनों बैनामे, 14 पर नामजद पर FIR
हापुड़ के पिलखुवा में जमीन हड़पने का बड़ा मामला सामने आया है। मृत दादी की फर्जी वसीयत बनाकर उसकी कृषि भूमि को कई लोगों को बेच दिया गया। न्यायालय के आद ...और पढ़ें

फर्जीवाड़ा कर जमीन बेचने के मामले में 14 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पिलखुवा (हापुड़)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भोवापुर में जमीन कब्जाने के लिए फर्जी वसीयत और बैनामों का बड़ा खेल सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 14 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कूटरचित वसीयत तैयार कर रजिस्टर्ड करा दी
ग्राम भोवापुर रहने वाले मनोज पुत्र स्व. नौरंग ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी दादी इमरती देवी के नाम दर्ज कृषि भूमि को हड़पने के लिए मेहर सिंह और जगमाल ने अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोप है कि इमरती देवी की मृत्यु 10 मार्च 1988 को हो चुकी थी, इसके बावजूद 16 मार्च 1988 को कूटरचित वसीयत तैयार कर रजिस्टर्ड करा दी गई।
तथ्य छिपाकर जमीन को अकृषक घोषित कराया
शिकायत के अनुसार इसी वसीयत के आधार पर 18 दिसंबर 2023 को जमीन का बैनामा मैसर्स तिरूपति लोजिस्टिक के पक्ष में कर दिया गया, जबकि इससे पहले उपजिलाधिकारी धौलाना द्वारा जमीन पर रोक लगाई जा चुकी थी। इसके बाद भी तथ्य छिपाकर जमीन को अकृषक घोषित कराया गया और वर्ष 2025 व 2026 में कई अन्य लोगों के नाम भी बैनामे कर दिए गए।
14 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
तहरीर में बताया गया कि ग्राम न्यायालय धौलाना ने 10 फरवरी 2025 को वसीयत को निरस्त कर दिया और 11 मार्च 2025 को बैनामा भी रद्द कर दिया, फिर भी आरोपित लगातार सौदे करते रहे। पुलिस ने मेहर सिंह, जगमाल, मनोज कुमार गोयल, सचिन कुमार, राजा कथूरिया, फनीराज शर्मा, मिथलेश शुक्ला, रूद्र शुक्ला, इन्द्रा गुप्ता, संजय गुप्ता, मलखान, चंद्रपाल सिंह सिसोदिया समेत 14 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खबरें और भी
गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर उसे और उसके स्वजन को झूठे मुकदमों में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी दस्तावेजों की जांच कर आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।