हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर FSDA की बड़ी कार्रवाई, 10 क्विंटल मिलावटी पनीर जब्त कर किया नष्ट
हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 10 क्विंटल संदिग्ध मिलावटी पनीर पकड़ा। यह खेप दिल्ली ले जाई जा रही थी और इसे नष्ट कर दिया गया, साथ ही जांच के लिए नमूने लिए गए हैं।

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पकड़ा गया मिलावटी पनीर।
HighLights
FSDA ने हापुड़ में 10 क्विंटल मिलावटी पनीर पकड़ा।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुई कार्रवाई, पनीर नष्ट किया गया।
एनसीआर में सप्लाई की आशंका, जांच के लिए नमूने लिए।
जागरण संवाददाता, हापुड़। मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर करीब 10 क्विंटल संदिग्ध मिलावटी पनीर पकड़ा है। यह खेप हापुड़ से दिल्ली ले जाई जा रही थी और इसके एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई किए जाने की आशंका थी। कार्रवाई के बाद टीम ने बरामद पनीर को नष्ट करा दिया।
एफएसडीए की टीम ने सहायक आयुक्त द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में हापुड़ नहर क्षेत्र के दिल्ली रोड पर वाहनों की जांच की। इसी दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से भारी मात्रा में पनीर बरामद हुआ। जांच में पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर टीम ने उसे कब्जे में ले लिया।

अधिकारियों के अनुसार, करीब 10 क्विंटल पनीर को नष्ट करा दिया गया। प्रारंभिक जांच में पनीर के मिलावटी होने की आशंका जताई गई है। टीम ने नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एनसीआर में होनी थी सप्लाई
बताया जा रहा है कि बड़ी मात्रा में पनीर को हापुड़ से दिल्ली की ओर ले जाया जा रहा था। आशंका है कि इसे एनसीआर के विभिन्न इलाकों में खपाया जाना था। त्योहारों के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बढ़ती शिकायतों के बीच एफएसडीए की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।

मिलावटखोरों पर लगातार शिकंजा
सहायक आयुक्त द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- इस रक्षाबंधन बाजार की मिलावटी मिठाई को कहें ना! भाई के लिए घर पर बनाएं ये 'रॉयल' केसर-पिस्ता फिरनी
