चिता से किशोर के सिर की हड्डी गायब, कहीं तंत्र-मंत्र का चक्कर तो नहीं? CCTV फुटेज खंगाल रही हापुड़ पुलिस
हापुड़ में एक किशोर के अंतिम संस्कार के बाद चिता से सिर के हिस्से की हड्डियां चोरी होने का मामला सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध मोपेड पर ...और पढ़ें

चिता से किशोर के सिर की हड्डी गायब हो गई। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
हापुड़ में किशोर की चिता से हड्डियां चोरी
सीसीटीवी में तीन संदिग्धों की पहचान हुई
पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच
जागरण संवाददाता, हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला सोनपुर सोटावाली में शनिवार को एक किशोर के अंतिम संस्कार के बाद उस समय सनसनी फैल गई, जब चिता से उसके सिर की हड्डियां गायब हो गईं।
नम आंखों से अंतिम विदाई देने के बाद घर लौटे स्वजन और ग्रामीणों को जब इस बात की जानकारी मिली तो श्मशान घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ले के रहने वाले शुभांशु कई दिनों से पेट की बीमारी से जूझ रहे थे। शनिवार को मेरठ के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई। देर शाम स्वजन ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया और घर लौट गए।
मोपेड पर सवार तीन लोग चिता के पास पहुंचे थे
आरोप है कि उसके बाद मोपेड पर सवार होकर आए तीन संदिग्ध श्मशान घाट पहुंचे और चिता के पास कुछ गतिविधि कर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने जब मौके पर जाकर देखा तो उन्हें चिता से सिर गायब होने की आशंका हुई।
इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीन संदिग्ध शमशान घाट की ओर आते दिखाई दिए। इस मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस ने सीसीटीवी खंगाली
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपितों की तलाश तेज कर दी। हालांकि, थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार ने स्पष्ट किया कि शव पूरी तरह जल चुका था और सिर ले जाने की बात गलत है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदिग्ध चिता से कुछ हड्डियां लेकर गए हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपितों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफास किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और डर का माहौल बना हुआ है।