हापुड़ में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, 12 फीट से ऊंचा नहीं हो सकता है डीजे; क्यूआर कोड से पता चलेगा रूट
हापुड़ में आगामी कांवड़ यात्रा और त्योहारों के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक में 12 फीट से ऊंचे डीजे पर प्रतिबंध लगाने सहित सुरक् ...और पढ़ें

कांवड़ यात्रा में डीजे की ऊंचाई तय की गई। फोटो: आर्काइव
HighLights
कांवड़ यात्रा में 12 फीट से ऊंचे डीजे पर प्रतिबंध
श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु क्यूआर कोड से मिलेगी जानकारी
शिविरों में स्वच्छ शौचालय, पेयजल, सीसीटीवी अनिवार्य
जागरण संवाददाता, हापुड़। आगामी कांवड़ यात्रा और त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार शाम बाबूगढ़ थाने में सीओ सिटी अनीता चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़े आयोजकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान जमीन से 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाला तेज ध्वनि यंत्र संचालित नहीं किया जाएगा।
क्यूआर कोड से मिलेगी जरूरी जानकारी
सीओ सिटी अनीता चौहान ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए कांवड़ मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
कांवड़ियों की सुविधा के लिए मार्ग, पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर, डायवर्जन और अन्य जरूरी जानकारियां क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में ग्रामीणों ने उपेड़ा फ्लाईओवर से कुचेसर चौपला होते हुए बाबूगढ़ मार्ग पर बने गड्ढों की समस्या प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा बड़ली गांव में 11 हजार वोल्ट की नीची हाइटेंशन लाइन को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं का समय रहते समाधान कराने के निर्देश दिए।
शिविरों में सुविधाओं पर रहेगा जोर
सिकंदरपुर काकोड़ी में गोमुख पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं करने पर भी चर्चा हुई। शिविर संचालकों को निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अवैध बिजली कटिया का प्रयोग न किया जाए और अस्थायी बिजली कनेक्शन लेकर ही विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्ग पर मीट की दुकानें बंद रहेंगी, जबकि शराब की दुकानों को निर्धारित मानकों के अनुसार ढककर रखा जाएगा। शिविरों में स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त पेयजल और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
खबरें और भी
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी पुष्टि पुलिस से अवश्य करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पदम सिंह प्रधान, जगवीर सिंह, कुलदीप, मनोज कुमार, बंटी प्रधान, सोनू प्रधान भड़ंगपुर, अमरपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कांवड़ यात्रा से जुड़े लोग और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Exclusive: कांवड़ यात्रा के लिए हापुड़ में पहली बार बना ट्रैफिक थाना, गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज से होगी मॉनिटरिंग