हापुड़ में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की सख्ती, मीट की दुकानें रहेंगी बंद; ढाबों पर लगेंगे क्यूआर कोड
हापुड़ में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के लिए जिला प्रशासन सतर्क है, जिसके तहत मीट की दुकानें बंद की जा रही हैं। सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ह ...और पढ़ें

HighLights
कांवड़ यात्रा हेतु हापुड़ में मीट की दुकानें बंद
होटल, ढाबों पर सुरक्षा हेतु क्यूआर कोड लगाए जा रहे
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व कानून व्यवस्था मुख्य उद्देश्य
जागरण संवाददाता, हापुड़। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में संचालित मीट की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य खान-पान प्रतिष्ठानों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन पर क्यूआर कोड भी लगाए जा रहे हैं। यह व्यवस्था सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ-साथ पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लागू की जा रही है।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर बढ़ाई गई निगरानी
हरिद्वार, ऋषिकेश, गौमुख और ब्रजघाट से लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों और जनपदों की ओर रवाना होते हैं। 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
इस दौरान जिले से भी बड़ी संख्या में कांवड़ियों के गुजरने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग और उससे जुड़े क्षेत्रों में तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग और उसके आसपास स्थित मीट की दुकानों को निर्धारित अवधि तक बंद रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि आदेशों की अनदेखी करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट पर लगाए जा रहे क्यूआर कोड
अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य खान-पान प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड भी लगाए गए। इन क्यूआर कोड के माध्यम से प्रतिष्ठान संचालकों की पहचान, लाइसेंस और अन्य आवश्यक जानकारियां तत्काल प्राप्त की जा सकेंगी।
इससे निगरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और किसी भी शिकायत या आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में आसानी होगी। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों के उल्लंघन या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभी प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों को जोड़ा जाएगा व्यवस्था से
अभियान के तहत पिलखुवा स्थित मैकडोनाल्ड्स सहित कई प्रमुख खान-पान प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। आने वाले दिनों में जिले के सभी प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा, ताकि पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक नियंत्रण प्रभावी ढंग से बना रहे।
मीट की दुकानों को निर्धारित अवधि तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं तथा होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य प्रतिष्ठानों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करना, निगरानी व्यवस्था मजबूत करना तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
- चंद्रशेखर मिश्रा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी
यह भी पढ़ें- हापुड़ में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, 12 फीट से ऊंचा नहीं हो सकता है डीजे; क्यूआर कोड से पता चलेगा रूट
यह भी पढ़ें- Exclusive: कांवड़ यात्रा के लिए हापुड़ में पहली बार बना ट्रैफिक थाना, गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज से होगी मॉनिटरिंग