देखते रहे ननद-ननदोई, घर में घुसकर दोस्त ने महिला से की अश्लील हरकत और जानलेवा हमला; हापुड़ में तीन पर केस दर्ज
हापुड़ में एक महिला ने मोहल्ले के युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

हापुड़ में महिला से घर में घुसकर अश्लील हरकत
HighLights
महिला ने युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़ का आरोप लगाया।
आरोपित ने मारपीट और जानलेवा हमला करने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपित सहित तीन लोगों पर मामला दर्ज किया।
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला ने मोहल्ले के युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
महिला की ननद और ननदोई ने आरोपित का साथ दिया। मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में नगर के एक मोहल्ले की महिला ने बताया कि उसके पति ड्राइवर है और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता है। इस दौरान वह अपनी ननद के घर रहती है।
इमरान खजूरी रखता था बुरी नजर
महिला का आरोप है कि उसके ननदोई का मोती कॉलोनी के इमरान खजूरी से मेलजोल था और उसका घर पर आना-जाना रहता था। इमरान उस पर गलत नजर रखता था और कई बार अश्लील हरकतें कर चुका था।
विरोध करने पर वह बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देता था। महिला ने आरोप लगाया कि इमरान मोहल्ले में सट्टे का काम करता है और अक्सर घर आकर उसे परेशान करता था।
आरोप है कि एक मई की रात करीब साढ़े नौ बजे आरोपित इमरान ननदोई से मिलने के बहाने घर पहुंचा। उस समय वह शराब के नशे में था। आरोपित ने महिला को पीछे से पकड़ लिया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने विरोध कर किसी तरह खुद को छुड़ाया।
चुपचाप तमाशा देखते रहे ननद ननदोई
पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान ननद और ननदोई चुपचाप तमाशा देखते रहे और आरोपित का साथ देते रहे। उसने शोर मचाकर अपनी मां और बहन को मौके पर बुलाया।
दोनों के पहुंचने पर आरोपित इमरान ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपित ने पास में रखा फावड़ा उठाकर महिला पर हमला करने का प्रयास किया।
हालांकि महिला की मां और बहन ने बीच-बचाव कर उसे बचा लिया। पीड़िता की बहन ने डायल 112 पर फोन कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले में मामले में पुलिस ने आरोपित इमरान, पीड़िता की ननद और ननदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।