Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ खंडित होने पर नहीं थमेगी आस्था, थाने-चौकी से होगी कांवड़-गंगाजल व्यवस्था

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 06:58 PM (IST)

    हापुड़ पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए नई व्यवस्था की है, जिसके तहत कांवड़ खंडित होने पर थानों और चौकियों पर नई कांवड़ व गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। ...और पढ़ें

    ज्ञानंजय सिंह, पुलिस अधीक्षक

    ज्ञानंजय सिंह, पुलिस अधीक्षक

    HighLights

    1. कांवड़ खंडित होने पर पुलिस थानों पर देगी नई कांवड़।

    2. प्रत्येक थाने-चौकी पर 5000 लीटर गंगाजल, 5 नई कांवड़ उपलब्ध।

    3. श्रद्धालुओं की यात्रा निर्बाध जारी रहेगी, आस्था को सम्मान मिलेगा।

    केशव त्यागी, हापुड़। कांवड़ यात्रा में इस बार पुलिस केवल कानून-व्यवस्था संभालती ही नहीं दिखेगी, बल्कि शिवभक्तों की आस्था की भी प्रहरी बनेगी। यात्रा के दौरान यदि किसी श्रद्धालु की कांवड़ टूट जाए या खंडित हो जाए तो अब उसकी यात्रा बाधित नहीं होगी।

    कांवड़ मार्ग पर स्थित प्रत्येक थाने और चौकी में नई कांवड़ तथा गंगाजल उपलब्ध रहेगा, जिसे जरूरत पड़ने पर पुलिस स्वयं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराएगी। इसके लिए हरिद्वार से मंगवाकर करीब पांच हजार लीटर व पांच-पांच नई कांवड़ थानों और चौकियों में रखवाई गई हैं।

    हर वर्ष लाखों शिवभक्त हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। यात्रा के दौरान कई बार दुर्घटनावश कांवड़ खंडित हो जाती है।

    दोबारा गंगाजल लाने में लगता था समय

    ऐसी स्थिति में श्रद्धालुओं को दोबारा गंगाजल लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे उनकी यात्रा प्रभावित होती थी। इस बार पुलिस की नई व्यवस्था ऐसे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

    हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट से जल लेकर निकलने वाले शिवभक्तों के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। अब कांवड़ मार्ग पर स्थित किसी भी थाने या चौकी पर पहुंचकर श्रद्धालु नई कांवड़ और गंगाजल प्राप्त कर सकेंगे।

    इससे न केवल उनकी धार्मिक यात्रा निर्बाध जारी रहेगी, बल्कि उनकी आस्था को भी पूरा सम्मान मिलेगा। इस पहल से यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली असहज परिस्थितियों का तत्काल समाधान संभव होगा और श्रद्धालुओं को मानसिक राहत मिलेगी।

    खंडित कांवड़ का समाधान, पुलिस की तत्परता

    यात्रा के दौरान कांवड़ टूटने की घटनाएं कई बार श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी बन जाती थीं। कुछ मामलों में इससे तनाव की स्थिति भी पैदा हो जाती थी। इस बार पुलिस ने ऐसी हर परिस्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी कर ली है।

    खबरें और भी

    जैसे ही किसी श्रद्धालु की कांवड़ खंडित होने की सूचना मिलेगी, संबंधित थाना या चौकी तुरंत नई कांवड़ और गंगाजल उपलब्ध कराएगी। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सकेगी और कानून-व्यवस्था भी प्रभावित नहीं होगी।

    खाकी की मुस्तैदी, भक्ति-सुरक्षा का तालमेल

    पूरे कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहेगा, जो श्रद्धालुओं की हर जरूरत पर मदद के लिए तैयार रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ मेडिकल सहायता, पेयजल, विश्राम स्थलों और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब नई कांवड़ और गंगाजल की व्यवस्था ने इस सेवा अभियान को और मजबूत बना दिया है।पुलिस की इस पहल को शिवभक्तों ने सराहनीय बताया है।

    कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी श्रद्धालु की कांवड़ खंडित होती है या गंगाजल अपवित्र हो जाता है तो उसे तत्काल नई कांवड़ और गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

    -ज्ञानंजय सिंह, पुलिस अधीक्षक


    यह भी पढ़ें- 1 लाख रुपए के नोटों से सजी अनोखी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र, शामली में हुआ भव्य स्वागत