पेट दर्द का नाटक, पिस्टल की छिनैती और फिर... पिलखुवा मुठभेड़ में अस्पताल पहुंचा 1 लाख का इनामी
हापुड़ पुलिस ने 85 लाख की लूट के फरार इनामी बदमाश इस्तकार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

पिलखुवा एनकाउंटर में बदमाश घायल। जागरण
HighLights
हापुड़ पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश को दबोचा।
अस्पताल ले जाते समय पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनने का प्रयास।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, पिलखुवा। हापुड़ पुलिस ने 85 लाख रुपये की कलेक्शन लूट के मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित ने अस्पताल ले जाते समय पेट दर्द का बहाना बनाकर पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को थाना पिलखुवा क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट से 85 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात हुई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
अस्पताल ले जाते वक्त छीनी पुलिसकर्मी की पिस्टल और...
घटना में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इस्तकार पुत्र काबली निवासी ग्राम सुल्तानपुर, थाना नौगांवा सादात, जनपद अमरोहा को जनपदीय स्वाट टीम ने गिरफ्तार किया था और पिलखुवा थाने लाई थी।
पूछताछ के दौरान इस्तकार ने पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की, जिस पर पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रही थी। रास्ते में उसने अचानक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वह मौके से भागने लगा।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से पुलिस से छीनी गई पिस्टल, नौ खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, शस्त्र छीनने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।