BJP विधायक ने किसे बताया 'आज का भगवान'? बोले- पत्थरों के आगे गिड़गिड़ाने से कुछ नहीं मिलेगा
भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने अंबेडकर जयंती पर मोदी-योगी को 'आज का भगवान' बताया, कहा पत्थरों से कुछ नहीं मिलेगा। बयान वायरल होने पर उन्होंने सफाई दी कि ...और पढ़ें
HighLights
भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने मोदी-योगी को 'आज का भगवान' कहा।
उन्होंने पत्थरों की पूजा को अंधविश्वास बताया, बाद में सफाई दी।
विधायक ने जीवित नेतृत्व पर भरोसा करने की अपील की।
जागरण संवाददाता, हरदोई। बयान और टिप्पणियों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले भाजपा विधायक श्याम प्रकाश भगवान को पत्थर और मोदी-योगी को आज का भगवान बताया है। उन्होंने कहा कि पत्थरों के आगे गिड़गिड़ाने से कुछ नहीं मिलेगा। बयान इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रचलित हुआ तो सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद समाज को अंधविश्वास से बाहर निकालना था।
गांधी भवन में आयोजित अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने मंच से कहा कि पत्थरों के आगे गिड़गिड़ाने से कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को “आज का भगवान” बताया।
विधायक ने लोगों से अपील की कि वे जीवित नेतृत्व पर भरोसा करें, क्योंकि वही समाज के लिए काम कर रहे हैं और लोगों को लाभ पहुंचाने की क्षमता रखते हैं। विधायक का यह बयान इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित होते ही विवाद खड़ा हो गया और आस्था बनाम राजनीति की बहस शुरू हो गई।
विधायक ने दी सफाई
बढ़ते विरोध के बीच श्याम प्रकाश ने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उनका उद्देश्य किसी धार्मिक आस्था या मूर्ति पूजा का विरोध नहीं, बल्कि अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाना था।
उन्होंने कहा कि समाज के कुछ वर्गों, खासकर दलित समाज में, परंपराओं और कुलदेवताओं के नाम पर अंधविश्वास हावी है, जिससे लोग विकास से दूर हो जाते हैं।
उनका मकसद लोगों को शिक्षा और जागरूकता की ओर प्रेरित करना है। श्याम प्रकाश ने दोहराया कि योगी और मोदी द्वारा किए गए कार्य समाज के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण हैं और लोगों को ऐसे नेतृत्व पर विश्वास करना चाहिए।