हरदोई डबल मर्डर: कॉल डिटेल से खुल सकते हैं हत्या के राज, पुलिस आपराधिक कुंडली भी खंगाल रही
पुलिस संडीला के दोहरे हत्याकांड में रंजिश के बजाय संबंधों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें अभिषेक के आपराधिक मामले और अरुण के संपर्कों को खंग ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरदोई। संडीला के तकिया गांव के पास हुए पिकअप चालक अरुण और हेल्पर अभिषेक के दोहरे हत्याकांड में पुलिस रंजिश के बजाय संबंधों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
अभिषेक के लखनऊ में दर्ज आपराधिक मामलों और अरुण के संपर्कों को खंगाला जा रहा है। दोनों के तीन मोबाइल गायब हैं, जिनकी लोकेशन तलाशने में पुलिस टीमें जुटी हैं।
संडीला में हुए दोहरे हत्याकांड की जांच में पुलिस ने कई बिंदुओं पर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार लखनऊ निवासी अभिषेक उर्फ बबलू के खिलाफ इंदिरानगर, हसनगंज और वजीरगंज थानों में लूट, अवैध शराब और गैंग्स्टर एक्ट के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस अभिषेक के पुराने आपराधिक संपर्कों के साथ ही अरुण के संबंधों की भी जांच कर रही है। कछौना के रैसों निवासी अरुण कुमार के साथ काम करने वाला अभिषेक करीब 10 दिन पहले ही ननिहाल आया था।
बुधवार रात दोनों आटामऊ स्थित जल जीवन मिशन के स्टोर से बाइक से निकले थे, जिसके बाद तकिया गांव के पास उनकी हत्या कर दी गई। स्वजन ने किसी प्रकार की रंजिश से इन्कार किया है। ऐसे में पुलिस संबंधों से जुड़े विवाद को भी जांच का अहम आधार मान रही है।
पुलिस के अनुसार अभी तक ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, जिससे हत्यारोपितों तक पहुंचा जा सके। स्वजन के मुताबिक अरुण के पास दो और अभिषेक के पास एक मोबाइल था, जो घटना के बाद से गायब हैं। पुलिस मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल के जरिए जांच आगे बढ़ा रही है।
अरुण की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अरुण कुमार के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं अभिषेक अविवाहित था और तीन भाई-बहनों में एक था। उसके पिता और भाई दुकान चलाते हैं।
खबरें और भी
मोबाइल मिलने से खुल सकते हैं हत्या के राज
स्वजन के अनुसार घटना की शाम दोनों घर पहुंचे थे। इसी दौरान एक फोन आने के बाद दावत में जाने की बात कहकर दोनों निकले थे। बताया जा रहा है कि फोन जल जीवन मिशन स्टोर में काम करने वाले युवक का था। पुलिस मोबाइल बरामद कर जांच आगे बढ़ाने में जुटी है।
हमलावरों से संघर्ष के मिले संकेत
घटनास्थल पर दोनों शव करीब सात मीटर की दूरी पर मिले थे। बाइक मुख्य मार्ग पर सुरक्षित खड़ी थी। पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार आशंका है कि हमलावरों को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया। मौके पर चप्पलें और कीचड़ में पैरों के निशान मिले हैं, जिससे संघर्ष की स्थिति सामने आ रही है। माना जा रहा है कि हमलावरों की संख्या अधिक थी।