Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरदोई में श्रावण मास की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए वाहनों का बदला मार्ग, 28 अगस्त तक रहेगा रूट डायवर्जन

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 10:43 PM (IST)

    हरदोई में कांवड़ यात्रा और मेलों के कारण भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. श्रावण मास में हरदोई में भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन।

    2. यह व्यवस्था 1 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी।

    3. सुरक्षा, सुगम यातायात हेतु कई मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित।

    जागरण संवाददाता, हरदोई। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा, धार्मिक आयोजनों और मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।

    आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। यह व्यवस्था अलग-अलग चरणों में 1 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी।

    पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर एएसपी एमपी सिंह ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों को व्यवस्था के बारे में समझाया। पुलिस ने वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपने मार्ग की जानकारी कर लें। निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यातायात पुलिस व स्थानीय पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का सहयोग करें।

    इन मार्गों से होकर जाएंगे भारी वाहन

    • कानपुर और कन्नौज से मेहंदीघाट, बिलग्राम, मल्लावां होते हुए सीतापुर और लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को कन्नौज के बक्सीपुरवा से बिल्हौर होते हुए बांगरमऊ कट (किमी-238) से आगरा एक्सप्रेस-वे के रास्ते भेजा जाएगा।
    • सीतापुर से हरदोई होकर उन्नाव, कन्नौज और कानपुर जाने वाले भारी वाहन हरदोई बाईपास और एनएच-24 (सीतापुर-लखनऊ मार्ग) से लखनऊ होकर आगरा एक्सप्रेस-वे का उपयोग करेंगे। वहीं लखनऊ से हरदोई होकर उन्नाव, कन्नौज और कानपुर जाने वाले वाहन आगरा एक्सप्रेस-वे तथा एनएच-27 (लखनऊ-उन्नाव-कन्नौज मार्ग) से जाएंगे।
    • लखनऊ से हरदोई होकर शाहजहांपुर और बरेली जाने वाले भारी वाहनों को एनएच-24, आगरा एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से भेजा जाएगा।

    इन मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

    • बांगरमऊ (उन्नाव) से मल्लावां-हरदोई मार्ग, सीतापुर से उन्नाव की ओर जाने वाले मार्ग, कन्नौज से मेहंदीघाट होकर बिलग्राम-मल्लावां मार्ग और अल्हागंज-सवायजपुर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
    • जिले के अंदर मेहंदीघाट से मल्लावां/बिलग्राम मार्ग, बिलग्राम चुंगी से बिलग्राम नगर की ओर, उन्नाव सीमा से मल्लावां की ओर जाने वाला मार्ग, मल्लावां-माधौगंज-बिलग्राम-सांडी मार्ग, प्रतापनगर चौराहा से बघौली व माधौगंज मार्ग, नेमिषशरण पुल (बेनीगंज) से हरदोई मार्ग, आशू तिराहा संडीला से मल्लावां मार्ग, जहानीखेड़ा चौकी से पिहानी-हरदोई मार्ग, शाहाबाद-संडीला मार्ग और रूपापुर से पाली, शाहाबाद व पिहानी मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
    • इसके अलावा गंगा एक्सप्रेस-वे के मल्लावां, बिलग्राम और रूपापुर कट से भारी वाहनों के उतरने पर भी रोक रहेगी।

    इन तिथियों में लागू होगी व्यवस्था

    • 1 अगस्त सुबह 8 बजे से 4 अगस्त रात 11 बजे तक (प्रथम सोमवार और चेहल्लुम)
    • 8 अगस्त सुबह 8 बजे से 12 अगस्त रात 11 बजे तक (द्वितीय सोमवार, श्रावण शिवरात्रि और हरियाली अमावस्या)
    • 14 अगस्त सुबह 8 बजे से 18 अगस्त रात 11 बजे तक (हरियाली तीज, तृतीय सोमवार और नागपंचमी)
    • 23 अगस्त सुबह 8 बजे से 25 अगस्त रात 11 बजे तक (अंतिम सोमवार)
    • 27 अगस्त सुबह 8 बजे से 28 अगस्त रात 11 बजे तक (श्रावण पूर्णिमा स्नान एवं मेला समापन)

    यह भी पढ़ें- यूपी में कल से मिलेगी स्मार्ट कार्ड RC, कागजी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट बंद; स्कैन करते ही मिलेगी वाहन की पूरी जानकारी