हरदोई में पैसेंजर ट्रेन के नीचे फंसा युवक, 20 मिनट तक अटकी रही सांसें; लोको पायलट की सूझबूझ से बची जान
हरदोई में सीतापुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन के चालक की सूझबूझ से एक युवक की जान बची, जो नशे की हालत में ट्रैक पर आ गया था। ...और पढ़ें
-1784923063384_m.webp)
आठवां मुठिया स्टेशन के निकट कमालपुर शताब्दी के निकट सीतापुर–बालामऊ पैसेंजर ट्रेन के इंजन के नीचे फंसा कमालपुर निवासी दीपू
HighLights
हरदोई में पैसेंजर ट्रेन के नीचे फंसा युवक।
चालक की सूझबूझ से बची युवक की जान।
यात्रियों और ग्रामीणों ने मिलकर किया रेस्क्यू।
जागरण संवाददाता, हरदोई। सीतापुर से बालामऊ जंक्शन के लिए रवाना हुई 54322 सीतापुर–बालामऊ पैसेंजर ट्रेन के साथ गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रेन चालक की त्वरित सूझबूझ और समय पर लगाए गए इमरजेंसी ब्रेक के कारण एक युवक की जान बच गई। घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन यात्रियों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रात करीब 8:30 बजे ट्रेन आठवां मुठिया स्टेशन के निकट कमालपुर शताब्दी के पास पहुंची थी। इसी दौरान नशे की हालत में एक युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया और ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। सामने अचानक व्यक्ति को देखकर चालक ने बिना देर किए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए।
ट्रेन रुक तो गई, लेकिन युवक इंजन के नीचे फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन में मौजूद यात्रियों और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर काफी सावधानी और मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसकी पहचान बेनीगंज के कमालपुर निवासी दीपू के रूप में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रेन चालक ने कुछ सेकंड की भी देरी की होती तो घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक की सजगता और जिम्मेदारी की खुले दिल से सराहना की। लोगों का कहना था कि चालक ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देकर न केवल एक युवक की जान बचाई, बल्कि एक बड़े रेल हादसे को भी टाल दिया।
खबरें और भी
इस घटना के चलते पैसेंजर ट्रेन लगभग 20 मिनट तक मौके पर रुकी रही। रेलवे कर्मचारियों द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ट्रेन को पुनः बालामऊ की ओर रवाना किया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी अविनाश कुमार पांडे ने बताया कि घटना स्थल थाना बेनीगंज क्षेत्र में आता है, इसलिए मामले की अग्रिम जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई थाना बेनीगंज पुलिस द्वारा की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।