यूपी में डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा, अब प्रदेश के हर ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों में खुलेंगे आधार सेवा केंद्र
ई-पंचायत स्टेट रिव्यू कमेटी की बैठक में हरदोई के प्रधान संपूर्णानंद ने पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए आधार सेवा केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया। अब ...और पढ़ें
-1786018168056_m.webp)
HighLights
ई-पंचायत रिव्यू कमेटी बैठक में पंचायतों के सशक्तिकरण पर चर्चा हुई।
हर ब्लॉक की दो पंचायतों में आधार सेवा केंद्र स्थापित होंगे।
हरदोई के प्रधान संपूर्णानंद ने डिजिटल सेवाओं के विस्तार का सुझाव दिया।
जागरण संवाददाता, हरदोई। प्रमुख सचिव, पंचायती राज के कार्यालय में गुरुवार को ई-पंचायत स्टेट रिव्यू कमेटी की बैठक हुई, जिसमें बांसा के प्रधान संपूर्णानंद ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पंचायतों को अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के उद्देश्य से अनेक सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, ई-गवर्नेंस को मजबूत करने तथा पंचायत स्तर पर नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने पंचायती राज निदेाक अमित कुमार सिंह से ग्राम पंचायत बांसा के पंचायत भवन में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आधार संबंधी सेवाओं के लिए ग्रामीणों को दूर-दराज़ के कस्बों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती है।
पंचायतों में खुलेंगे आधार सेवा केंद्र
यदि पंचायत भवन में ही आधार सेवा केंद्र स्थापित हो जाए तो हजारों ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। निदेशक द्वारा बताया गया कि प्रत्येक ब्लाक की दो पंचायतों में आधार सेवा केंद्रों की स्थापना की जाएगी।
प्रधान ने बताया कि शिक्षा, डिजिटल सेवाओं, जनसुविधाओं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ग्राम पंचायत बांसा द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों ने इसे प्रदेश की अग्रणी ग्राम पंचायतों में स्थान दिलाया है।
यह भी पढ़ें- कानपुर, फतेहपुर और गाजियाबाद को बड़ी सौगात, यूपी में खुलेंगी तीन नई प्राइवेट यूनिवर्सिटी; लेटर जारी
पंचायत की सक्रिय कार्यशैली और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण बांसा लगातार नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है तथा विभिन्न सरकारी मंचों पर उसकी उपस्थिति और योगदान प्रशंसा का विषय बन रहा है। इस दौरान लखनऊ की पंचायत गोरवा के प्रधान वीरेंद्र शुक्ला, सीतापुर के सिंधौली की पंचायत नहुरावां के प्रधान ओमकार एवं उन्नाव के मियागंज की प्रधान नगमा भी मौजूद रहीं।