हाथरस सिकंदराराऊ विधायक का रिपोर्ट कार्ड: ट्रामा सेंटर की सौगात, बस स्टैंड का इंतजार बरकरार
सिकंदराराऊ विधायक बीरेंद्र सिंह राणा के साढ़े नौ साल के कार्यकाल में ट्रामा सेंटर, पॉलीटेक्निक कॉलेज और सड़कों का विकास हुआ है। हालांकि, सिकंदराराऊ बस ...और पढ़ें

हाथरस सिकंदराराऊ विधानसभा सीट से विधायक बीरेंद्र सिंह राणा।
HighLights
विधायक राणा के कार्यकाल में ट्रामा सेंटर हुआ शुरू।
सिकंदराराऊ बस स्टैंड व सीएचसी की मांग लंबित।
अभिषेक तायल, हाथरस। विधायक बीरेंद्र सिंह राणा के करीब साढ़े नौ वर्ष के कार्यकाल में सिकंदराराऊ विधानसभा में आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं के क्षेत्र में भी कई काम हुए हैं।
वर्षों से बंद पड़ा ट्रामा सेंटर शुरू होना इस कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है। इसके अलावा हसायन क्षेत्र में पालीटेक्निक कालेज, भरतपुर में मिनी स्टेडियम, मऊ चिरायल में आश्रम पद्धति विद्यालय और खिजरपुर में काली नदी पर पुल जैसे कार्य भी पूरे हुए हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिला है और लंबे समय से चली आ रही कई मांगें पूरी हुई हैं।
चर्चा के दौरान लोगों ने बताया कि विधायक के कार्यकाल में हाजीपुर रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण, दतौरा में सेंगर नदी पर पुल, अगसौली-बाजिदपुर, रतिभानपुर-कचौरा, नगला रति-हसायन, गडोला रोड-कानऊ-जलेसर सकरा मोड़ सहित कई प्रमुख मार्गों का निर्माण और चौड़ीकरण कराया गया। हाथरस-जलेसर मार्ग सहित कई संपर्क मार्गों के बेहतर होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
इसके अलावा गौशालाओं, कृषि विज्ञान केंद्र और सरकारी दवा गोदाम जैसी योजनाओं पर भी काम हुआ है। इन विकास कार्यों को लेकर समर्थक इसे विधानसभा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानते हैं।
हालांकि, कई विकास कार्यों के बावजूद कुछ प्रमुख मांगें आज भी अधूरी हैं। इनमें सबसे प्रमुख सिकंदराराऊ बस स्टैंड का निर्माण है। चुनाव के दौरान बस स्टैंड निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन अब तक इसका काम शुरू नहीं हो सका है। बस स्टैंड न होने के कारण लंबी दूरी की कई बसें बाईपास से निकल जाती हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
खबरें और भी
स्थानीय व्यापारियों का भी मानना है कि बस स्टैंड बनने से बाजार की गतिविधियां बढ़ेंगी और लोगों को सुविधा मिलेगी। इसी तरह पुरदिलनगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मांग भी वर्षों से लंबित है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सीएचसी बनने से आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। ऐसे में विकास कार्यों के बीच बस स्टैंड और सीएचसी जैसी अधूरी परियोजनाएं अब भी जनता की अपेक्षाओं के केंद्र में बनी हुई हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों पर हुआ काम
जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे विधानसभा की सेवा का अवसर दिया, उसे पूरा करने का लगातार प्रयास किया है। मेरे कार्यकाल में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
वर्षों से बंद पड़ा ट्रामा सेंटर शुरू कराया गया, करारमई में पालीटेक्निक कालेज, भरतपुर में मिनी स्टेडियम, मऊ चिरायल में आश्रम पद्धति विद्यालय, खिजरपुर में काली नदी पर पुल, हाजीपुर रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं। विधानसभा क्षेत्र में दर्जनों सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण कराया गया, जिससे गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
विकास एक सतत प्रक्रिया है और सभी कार्य एक साथ पूरे नहीं हो सकते। सिकंदराराऊ बस स्टैंड और पुरदिलनगर सीएचसी जैसी परियोजनाओं के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इन दोनों योजनाओं की आवश्यकता से मैं भलीभांति परिचित हूं और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बना हुआ है। मेरा प्रयास है कि चुनाव से पहले इन परियोजनाओं पर भी काम शुरू हो, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सके और जनता को इसका लाभ मिले।
बीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सिकंदराराऊ
बस स्टैंड का वादा अधूरा
विधायक अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिना रहे हैं, लेकिन जनता आज भी उन वादों का जवाब चाहती है जो चुनाव के समय किए गए थे। सिकंदराराऊ बस स्टैंड का निर्माण आज तक शुरू नहीं होना सबसे बड़ी विफलता है। रोजाना हजारों यात्रियों को बसों के लिए भटकना पड़ता है और लंबी दूरी की बसें बाईपास से निकल जाती हैं।
पुरदिलनगर में सीएचसी की मांग भी वर्षों से लंबित है, जिससे लोगों को इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है। विकास केवल सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता की मूलभूत जरूरतों को समय पर पूरा करना भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। यदि प्रमुख वादे ही अधूरे रह जाएं तो विकास के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
डा. ललित बघेल, सपा प्रत्याशी एवं 2022 विधानसभा चुनाव के उपविजेता
सिकंदराराऊ विधानसभा
- कुल मतदाता- 3,31,988
- पुरुष मतदाता- 1,81,769
- महिला मतदाता- 1,50,210
- अन्य - 09
यह भी पढ़ें- हाथरस सदर विधायक का रिपोर्ट कार्ड: मुख्य सड़कों पर विकास, जिले को मेडिकल काॅलेज का इंतजार