बसपा के मिशन-2027 का आगाज करेंगे आकाश आनंद: आज सादाबाद में सभा, प्रत्याशी के नाम पर भी मुहर!
बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद सोमवार को सादाबाद में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन से पार्टी मिशन-2027 के ...और पढ़ें

मायावती संग आकाश आनंद।
HighLights
आकाश आनंद सादाबाद में बसपा के मिशन 2027 का आगाज करेंगे
सम्मेलन में 10 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होगा
डॉ. अविन शर्मा के नाम पर संभावित प्रत्याशी के रूप में चर्चा तेज
संवाद सूत्र, सादाबाद (हाथरस)। बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए सादाबाद को अपनी पहली बड़ी चुनावी जमीन बनाया है। सोमवार को होने वाले विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद संबोधित करेंगे।
इसके साथ ही पार्टी के मिशन-2027 का औपचारिक चुनावी आगाज माना जा रहा है। पार्टी ने सम्मेलन को बड़ा रूप देने की तैयारी की है और करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया जा रहा है।
आकाश आनंद का पहली बार सादाबाद में संबोधन होना है। इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने हाथरस में चुनावी सभा को संबोधित किया था। अब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उनकी सादाबाद में मौजूदगी को बसपा की बदली चुनावी रणनीति के अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
सभा में आकाश आनंद फूंकेंगे बसपा के मिशन-2027 का बिगुल
सम्मेलन में वह कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, मतदाताओं से सीधा संपर्क बढ़ाने और चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का संदेश दे सकते हैं। सम्मेलन को लेकर उत्सव गार्डन में व्यापक तैयारियां की गई हैं। यहां सभा सुबह 11 बजे शुरू होगी। करीब 2200 वर्ग गज क्षेत्रफल में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। इसमें कार्यकर्ताओं के बैठने, मंच, प्रवेश और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक पंडाल को आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया गया है।
10 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा
बसपा जिलाध्यक्ष राजकपूर ने बताया कि सम्मेलन में करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए जनपद स्तरीय टीम कई दिनों से गांव-गांव संपर्क अभियान चला रही है। विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को सम्मेलन में पहुंचने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
खबरें और भी
रविवार को पूर्व सांसद और मुख्य मंडल प्रभारी अलीगढ़ मंडल बाबू मुनकाद अली ने भी उत्सव गार्डन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच, पंडाल, कार्यकर्ताओं के बैठने, प्रवेश स्थल समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रत्याशी के नाम को लेकर भी चर्चा
सम्मेलन की राजनीतिक अहमियत इसलिए भी बढ़ गई है कि सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से बसपा के संभावित प्रत्याशी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पार्टी के भीतर डॉ. अविन शर्मा का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। माना जा रहा है कि आकाश आनंद सम्मेलन के मंच से उनके नाम की घोषणा कर सकते हैं। पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- खुशखबरी: चित्रकूट से प्रतापगढ़ और लखनऊ अब सीधे जुड़ेंगे, कानपुर में ट्रेन बदलने की झंझट खत्म
यह भी पढ़ें- मथुरा की कशिश चौधरी की कामयाबी की कहानी: सीएपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट, अब IAS बनना है टारगेट
पहली बड़ी सभा, संदेश बड़ा
बसपा के लिए सादाबाद का चयन महज एक विधानसभा सम्मेलन तक सीमित नहीं माना जा रहा। पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने पुराने प्रभाव वाले इलाकों में संगठन को फिर सक्रिय करने की कोशिश में है। हाथरस जिला कभी बसपा की मजबूत राजनीतिक जमीन रहा है। ऐसे में सादाबाद से चुनावी अभियान की शुरुआत कर पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करने और पुराने समर्थक वर्ग को दोबारा सक्रिय करने का प्रयास कर रही है।
विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में चुनावी रणनीति का संदेश
आकाश आनंद के जरिए पार्टी खासकर युवा कार्यकर्ताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश में भी दिखाई दे रही है। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और बिखरे हुए समर्थक आधार को फिर से चुनावी ताकत में बदलने की होगी। सोमवार का सम्मेलन इसी लिहाज से बसपा के लिए महज कार्यकर्ता जुटान नहीं, बल्कि मिशन-2027 की जमीन पर पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा। अब नजर इस बात पर रहेगी कि आकाश आनंद सादाबाद के मंच से कार्यकर्ताओं को क्या चुनावी संदेश देते हैं और पार्टी की ओर से प्रत्याशी को लेकर क्या तस्वीर साफ होती है।
2024 के बाद दूसरी बार हाथरस आएंगे आकाश
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान आकाश आनंद ने हाथरस में चुनावी सभा की थी। अब करीब दो वर्ष बाद विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच वह फिर हाथरस जिले में पहुंच रहे हैं। फर्क यह है कि इस बार उनका दौरा किसी एक चुनावी प्रत्याशी के समर्थन तक सीमित नहीं, बल्कि बसपा के मिशन-2027 की शुरुआत से जुड़ा है। सादाबाद के मंच से उनका संदेश जिले के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बसपा संगठन के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।