23 जून तक कानपुर तक ही चलेगी झांसी-लखनऊ पैसेंजर, कई ट्रेनों के बदले रूट; देखें पूरी लिस्ट
झांसी-लखनऊ मेमू पैसेंजर ट्रेन अब 23 जून तक केवल कानपुर तक ही चलेगी। लखनऊ स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों के कारण रेलवे ने यह निर्णय लिया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जालौन। झांसी-लखनऊ मेमू पैसेंजर अब 23 जून तक कानपुर तक ही चलेगी। लखनऊ स्टेशन पर काम की वजह से रेलवे ने यह फैसला लिया है। इसके साथ ही कई ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है।
कानपुर-लखनऊ ट्रैक पर मरम्मत की वजह से इस ट्रेन को 13 मई तक 42 दिन के लिए लखनऊ जाने से रोक दिया गया था। अब नये काम की वजह से फिर से ट्रेन लखनऊ नहीं जा पाएगी। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ स्टेशन पर चल रहे विभिन्न आधारभूत संरचना कार्यों के चलते कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन तथा कुछ गाड़ियों का आंशिक निरस्तीकरण करने का निर्णय लिया है।
ट्रेन (64701-02) झांसी-लखनऊ मेमू पैसेंजर 15 मई से 23 जून तक लखनऊ की बजाय कानपुर सेंट्रल तक जाएगी। यह व्यवस्था कुल 40 फेरों तक लागू रहेगी। इसके साथ ही कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। ट्रेन (11079) लोकमान्य तिलक टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस 21, 28 मई, 4, 11 एवं 18 जून 2026 को कानपुर सेंट्रल-ऐशबाग-मलहौर-बाराबंकी मार्ग से संचालित होगी।
इस दौरान ट्रेन लखनऊ स्टेशन पर नहीं रुकेगी, जबकि ऐशबाग और बादशाहनगर स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा। ट्रेन (11080) भी परिवर्तित मार्ग से चलेगी। ट्रेन (15066) पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस मई और जून की विभिन्न तिथियों में परिवर्तित मार्ग कानपुर सेंट्रल-ऐशबाग-मलहौर-बाराबंकी से संचालित होगी।
इस दौरान लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा तथा ऐशबाग और बादशाहनगर में ठहराव दिया जाएगा। ट्रेन (15030) पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस 16, 23, 30 मई, 6, 13 एवं 20 जून को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस ट्रेन का भी लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।