जालौन में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से 50 गांवों में फसल नष्ट, मुआवजे के लिए किसानों ने माधौगढ़-रामपुरा मार्ग दो घंटे किया जाम
जालौन में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से लगभग 50 गांवों में फसलें बर्बाद हो गईं। मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने माधौगढ़-रामपुरा मार्ग पर रजपुरा के पास ...और पढ़ें

फसल के मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। जागरण
HighLights
आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से 50 गांवों में फसलें नष्ट।
मुआवजे की मांग पर किसानों ने मार्ग किया जाम।
एसडीएम ने अधिकतम मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
संवाद सहयोगी, माधौगढ़(जालौन)। आंधी-बारिश, ओलावृष्टि से करीब 50 गांवों में किसानों की खेतों में खड़ी फसल नष्ट हो गई। इससे किसान काफी परेशान हैं। फसल के मुआवजे की मांग को लेकर पांच गांवों के किसानों ने माधौगढ़-रामपुरा मार्ग पर रजपुरा के पास जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे। जिस पर किसानों ने अधिकाधिक मुआवजा दिलाए जाने की मांग रखी। जिस पर अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया। तब कहीं जाम खुला। जाम लगने की वजह से दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
शनिवार शाम तहसील क्षेत्र में ओलावृष्टि इतनी अधिक हुई कि खेतों में सफेद चादर बिछ गई। किसानों लल्लूराम, मनोज सिंह, विक्रम सिंह, धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि तेज ओलावृष्टि से फसल बुरी तरह से बर्बाद हो गई। ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल के मुआवजे को लेकर मिहौनी, रुद्रपुरा, अकबरपुरा, रजपुरा, पूरनपुरा के करीब 200 किसानों ने माधौगढ़-रामपुरा रोड पर रजपुरा के पास जाम लगा दिया। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। जाम लगाए किसानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि तीन क्विंटल प्रति बीघा गेहूं का मुआवजा दिया जाए।
सूचना पर एसडीएम राकेश कुमार सोनी, सीओ अंबुज सिंह, नायब तहसीलदार भुवनेंद्र कुमार, लेखपाल और माधौगढ, रामपुरा, गोहन थाने के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम के आश्वासन के बाद जाम खुल सका। एसडीएम ने कहा कि लेखपालों द्वारा सही ढंग से सर्वे कराया जाएगा। किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा दिलाया जाएगा।
नेतागीरी नहीं मुआवजा चाहिए
मार्ग जाम की सूचना पर कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह सेंगर, चंद्रशेखर वर्मा, अशोक चौधरी, राहुल तिवारी, राजकुमार वर्मा, ओमनारायण, सुभाष सिंह, शकुंतला तिवारी, शकुंतला पटेल भी मौके पर पहुंचे। जिस पर जाम लगाए किसानों ने कहा कि नेतागीरी नहीं मुआवजा चाहिए।
खबरें और भी
विधायक ने खेतों पर देखा नुकसान
क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन ने टीम के साथ मींगनी, मिहौनी, सिलउआ, खरेला, रुद्रपुरा, पूरनपुरा, रजपुरा, अकबरपुरा, बेनीपुरा गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश-ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों को देखा। विधायक ने किसानों को आश्वासन दिया कि डीएम से बात हो गई है, सर्वे कार्य पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। प्रभावित किसानों को नजरंदाज नहीं किया जाएगा। साथ ही जल्द से जल्द राहत दिलवानें की कोशिश की जाएगी।