रवि यादव एनकाउंटर मामले में SOG प्रभारी समेत 23 पुलिसकर्मियों पर फेक एनकाउंटर का वाद दर्ज, 7 अगस्त को होगी सुनवाई
जौनपुर में दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपी रवि यादव की मां ने 23 पुलिसकर्मियों पर फेक एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रवि यादव की मां ने पुलिस पर लगाया फेक एनकाउंटर का आरोप।
प्रभारी सीजेएम कोर्ट ने 23 पुलिसकर्मियों के खिलाफ वाद दर्ज किया।
खेतासराय थाने से रिपोर्ट तलब, अगली सुनवाई 7 अगस्त को।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड मामले में एनकाउंटर में मारे गए आरोपित रवि यादव की मां अमरावती देवी ने प्रभारी सीजेएम की अदालत में एसओजी प्रभारी व थानाध्यक्ष खेतासराय समेत 23 पुलिस कर्मियों के खिलाफ फेक एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट ने वाद दर्ज कर थाना खेतासराय से रिपोर्ट तलब किया है। अगली सुनवाई सात अगस्त को होगी।
परिवादिनी सोंधी निवासी अमरावती देवी ने एसओजी प्रभारी प्रकाश शुक्ला, थानाध्यक्ष खेतासराय प्रदीप कुमार सिंह, थानाध्यक्ष लाइन बाजार के के सिंह समेत 23 पुलिस कर्मियों के खिलाफ अधिवक्ता समर बहादुर यादव के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि एक मई को आजाद बिंद की हत्या हो गई थी, जिसमें वादिनी के लड़के रवि यादव, प्रदीप बिंद व भोले राजभर को आरोपित बनाया गया था।
रवि की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया। पुलिस उसके एनकाउंटर के फिराक में पड़ गई। एनकाउंटर के डर से रवि दिल्ली चला गया। सूचना पर पुलिस दिल्ली में सुरेंद्र कश्यप के आवास पर पहुंची और वहां से 23 को रवि को गिरफ्तार कर जौनपुर लाई 24 मई की रात सुरेरी के लॉकप में रखा 25 मई की रात 1:25 बजे गोरारी तिराहे के पास फर्जी मुठभेड़ दिखाकर उसकी हत्या कर दी गई।
पोस्टमार्टम में सीने में एक गोली लगी पाई गई जो आर पार हो गई है। स्पष्ट है कि नजदीक से उसकी हत्या करने की नीयत से फायर किया गया। यदि रवि का नाम प्रकाश में आया था तो विवेचक को कुर्की इत्यादि की कार्रवाई करनी चाहिए थी लेकिन अपना गुड वर्क दिखाने के चक्कर में बेटे की हत्या कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वादिनी ने कोर्ट से मांग की कि दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें- जौनपुर: स्कूल वैन में 19 बच्चों को बैठाकर साथी को ड्राइविंग सिखा रहा था चालक, पेड़ से टकराने पर 8 बच्चे घायल