झांसी रेलवे स्टेशन पर तलवार लेकर ट्रेन के इंजन के सामने कूदा निहंग, दस मिनट तक हंगामा, Video Viral
Jhansi News: झांसी रेलवे स्टेशन पर एक निहंग ट्रेन के आगे कूद गया। उसके हाथ में एक तलवार भी थी। ...और पढ़ें
HighLights
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो की घटना, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
ट्रेन में सवार साथी सिख यात्रियों ने समझा-बुझाकर ट्रैक से हटाया, तब रवाना हो सकी दूरंतो एक्सप्रेस
जागरण संवाददाता, झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात उस समय खलबली मच गई, जब एक निहंग सिख हाथ में तलवार लेकर ट्रेन के इंजन के सामने रेलवे ट्रैक पर कूद गया।
निहंग ने ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने देने की बात कही। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। करीब दस मिनट तक तलवार लेकर निहंग ट्रैक पर खड़ा रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सिख निहंग हाथ में नंगी तलवार लेकर हजरत निजामुद्दीन-सिकंदराबाद दूरंतो एक्सप्रेस के इंजन के आगे पटरी पर कूद गया। निहंग को ट्रैक पर तलवार लहराते देख लोको पायलट ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रेन वक्त रहते रुक गई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
इसके बाद आरोपी निहंग ट्रैक पर ही अड़ गया और ट्रेन को आगे न बढ़ने देने की धमकी देने लगा। इस खौफनाक मंजर को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे स्टाफ में खलबली मच गई। करीब दस मिनट तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद ट्रेन में ही सवार दो अन्य सिख यात्रियों ने सूझबूझ दिखाई और उसे समझाकर ट्रैक से अलग किया।
हाथ में तलवार लेकर पहुंचा निहंग
तस्वीरें वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन की हैं, जहां शुक्रवार रात अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि 12286 हजरत निजामुद्दीन-सिकंदराबाद दूरंतो एक्सप्रेस स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान एक निहंग सिख हाथ में तलवार लेकर अचानक ट्रेन के इंजन के सामने रेलवे ट्रैक पर कूद गया।
दस मिनट तक रेलवे ट्रैक पर रहा
निहंग को ट्रैक पर देखते ही लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद निहंग करीब 10 मिनट तक तलवार हाथ में लेकर ट्रैक के बीच खड़ा रहा। वह ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने देने की बात कह रहा था। रेलवे कर्मचारियों ने उसे समझाने और ट्रैक से हटाने का प्रयास किया, लेकिन निहंग तलवार लहराकर उन्हें पीछे हटने के लिए कहता रहा।
ट्रेन में सवार था निहंग
बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाला निहंग भी इसी ट्रेन में सवार था। घटना के दौरान स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निहंग करीब 10 मिनट तक तलवार लेकर रेलवे ट्रैक पर खड़ा रहा, लेकिन मौके पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान तत्काल नहीं पहुंचे। ट्रेन के रवाना होने के बाद सुरक्षा बलों के जवान मौके पर पहुंचे।
दो यात्रियों ने बात कर समझाया
मामला बिगड़ता देख ट्रेन में सवार दो सिख यात्री निहंग के पास पहुंचे। दोनों यात्रियों ने उससे बातचीत शुरू की और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। बातचीत के बाद निहंग ट्रैक से हटकर प्लेटफॉर्म पर आ गया, लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा पटरी पर जाकर खड़ा हो गया। इसके बाद दोनों सिख यात्रियों ने लगातार उससे बातचीत की और उसे शांत कराया। काफी समझाने के बाद निहंग आखिरकार रेलवे ट्रैक से हट गया। इसके बाद दूरंतो एक्सप्रेस को सिकंदराबाद के लिए रवाना कर दिया गया।
जांच में जुटी आरपीएफ और जीआरपी
फिलहाल आरपीएफ और जीआरपी पुलिस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि आखिर निहंग तलवार लेकर ट्रैक पर क्यों पहुंचा और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद वह हथियार के साथ रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंच गया।
