Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झांसी में ऑपरेशन लंगड़ा, संजय सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 12:25 PM (GMT+05:30)

    Jhansi News: संजय सिंह 23 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे झांसी के इलाइट चौराहे के पास रेस्टोरेंट में अपने दोस्तों के साथ खाना खा रहा था। तभी एक बदमाश ने उ ...और पढ़ें

    HighLights

    1. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, अस्पताल में भर्ती

    2. आरोपी का एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार

    जागरण संवाददाता, झांसी। एलएलबी के छात्र संजय सिंह की हत्या में वांछित बदमाश हुसैन उर्फ खड्डा को पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

    ऑपरेशन लंगड़ा के तहत संजय सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी हुसैन उर्फ खड्डा की तलाश की गई। गुरुवार को पुलिस से मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही हैं।

    पुलिस के अनुसार आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके आगमन की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी हुसैन उर्फ खड्डा ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

    पुलिस की जवाबी कार्यवाही में वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया है। घायल आरोपी का मेडिकल कॉलिज में उपचार कराया जा रहा है। फरार आरोपी की तलाश में सम्भावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

    गौरतलब है कि एलएलबी के छात्र संजय सिंह की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया था कि प्रॉपर्टी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। झांसी में 23 जुलाई 2026 को एलएलबी के छात्र और महिला ग्राम प्रधान के बेटे संजय सिंह (33) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।

    खबरें और भी

    संजय सिंह 23 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे झांसी के इलाइट चौराहे के पास 'द मेड किचन' रेस्टोरेंट में अपने दोस्तों के साथ खाना खा रहा था। तभी एक बदमाश ने उसके सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हत्या प्रॉपर्टी विवाद, जमीन कब्जे और तीन लाख रुपये के लेनदेन की रंजिश के चलते कराई गई थी।

    आरोपियों अजय यादव व धर्मेंद्र सिंह परिहार ने संजय की हत्या के लिए 50,000 रुपये की सुपारी (कॉन्ट्रैक्ट किलिंग) दी थी। इसके बाद पुलिस और स्वाट टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें अजीम सैफी उर्फ भीम के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की।

    यह भी पढ़ें- झांसी में चालक को झपकी आने से यात्रियों से भरी बस की डंपर से टक्कर, चालक समेत दो की मौत

    यह भी पढ़ें- झांसी में तमंचा लहराने और धमकी देते युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, तलाश को पुलिस अलर्ट