झांसी में चालक को झपकी आने से यात्रियों से भरी बस की डंपर से टक्कर, चालक समेत दो की मौत
Jhansi News: बस प्रयागराज से विदिशा जा रही थी। पारीछा थर्मल पावर प्लांट के सामने पहुंचते ही चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डं ...और पढ़ें
HighLights
बड़ागांव के पारीछा थर्मल प्लांट के सामने सुबह हुआ हादसा
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती
जागरण संवाददाता, झांसी। प्रयागराज से विदिशा (मध्य प्रदेश) जा रही यात्रियों से भरी निजी बस ने बुधवार को सड़क किनारे खड़े डंपर से पीछे से जा टक्कर मार दी। माना जा रहा है कि बस के चालक को झपकी आने के कारण बस सड़क के किनारे खड़े डंपर में पीछे से घुस गई।
झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीछा थर्मल पावर प्लांट के सामने इस भीषण सड़क हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां ती की हालत गम्भीर होने पर उन्हें महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलिज रिफर कर दिया गया। अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। बस प्रयागराज से विदिशा जा रही थी। पारीछा थर्मल पावर प्लांट के सामने पहुंचते ही चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर से जा भिड़ी। हादसे में बस चालक इस्लाम बेग (निवासी अशोकनगर, मध्य प्रदेश) तथा यात्री कान्हा (निवासी विदिशा, मध्य प्रदेश) की मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
खबरें और भी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर दौड़ पड़े। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत कार्य चलाया और घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया। जिससे कई यात्रियों की जान बचायी जा सकी।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि थाना बड़ागांव क्षेत्र के पारीछा प्लांट के सामने प्रयागराज से विदिशा जा रही एक बस के चालक को सम्भवतः झपकी आ जाने के कारण बस एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में कुल दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई तथा तीन व्यक्ति मेडिकल कॉलेज, झांसी में उपचाराधीन हैं। अन्य सवारियों को सामान्य चोटें आने के कारण उपचार उपरान्त अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। प्रकरण में थाना बड़ागांव पुलिस अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही कर रही है।