Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कन्नौज में 3.06 करोड़ के गबन में मंडी सचिव और लिपिक सस्पेंड, दोनों कानपुर मंडी से संबद्ध

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 10:05 AM (IST)

    कन्नौज की नवीन मंडी में 3.06 करोड़ रुपये के मंडी शुल्क और विकास सेस के गबन के आरोप में मंडी सचिव और लेखा लिपिक को निलंबित कर एफआईआर दर्ज की गई है। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर।

    प्रतीकात्मक तस्वीर।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, कन्नौज। नगर की नवीन मंडी में मंडी शुल्क विकास सेस, अनय (रिकवरी), किराया, प्रीमियम व अन्य मदों से तीन करोड़ छह लाख 63 हजार 79 रुपये नौ पैसे की वसूली की गई।

    लेकिन इस धनराशि को समिति के खाते में जमा नहीं किया गया। संभागीय लेखाधिकारी की अध्यक्षता में बनी चार सदस्यीय कमेटी की जांच में यह फर्जीवाड़ा सामने आने पर मंडी के सचिव व लेखा पटल प्रभारी के विरुद्ध उप निदेशक प्रशासन विपणन मंडी परिषद कानपुर ने गबन की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। उन्होंने गबन के दोनों आरोपितों को निलंबित कर दिया है।

    मंडी परिषद कानपुर के उप निदेशक प्रशासन विपणन संजय कुमार सिंह ने बताया कि संभागीय कार्यालय के आदेश पर 19 जून को गठित चार सदस्यीय जांच समिति में समिति की अध्यक्ष मंडी परिषद कानपुर की संभागीय लेखाधिकारी साक्षी, सदस्य विजिन कुमार वालियान, शशि कुमार मिश्रा व राजेश कुमार ने जांच आख्या दी थी।

    इसके अनुसार मंडी समिति छिबरामऊ की एक अप्रैल 2025 से 30 जून 2026 तक की कैशबुक, बैंक स्टेटमेंट, कर्मचारियों की पेटीकैश बुक व रोकड़ रसीदों का परीक्षण किया गया। अभिलेखों के परीक्षण में अनियमितताएं मिलीं।

    कृषि उत्पादन मंडी समिति के तत्कालीन प्रभारी सचिव श्रवण सिंह परमार को कृषि उत्पादों के मंडी शुल्क विकास सेस व अनय (रिकवरी) वसूल करने का अधिकार था। श्रवण सिंह परमार ने विभिन्न तिथियों में दो करोड़ 97 लाख 84 हजार 613 रुपये नौ पैसे मंडी शुल्क के रूप में वसूल किया। लेकिन इस धनराशि को समिति के खाते में जमा नहीं किया गया।

    मंडी समिति में ज्ञानेश कुमार लेखा लिपिक के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने विभिन्न तिथियों में जमा किराया, प्रीमियम व अन्य मदों की धनराशि आठ लाख 78 हजार 466 रुपये वसूल की, जिसे समिति के खाते में जमा नहीं किया गया।

    खबरें और भी

    इस प्रकार दोनों के द्वारा मंडी समिति के तीन करोड़ छह लाख 63 हजार 79 रुपये नौ पैसे का मंडी शुल्क, विकास सेस का गबन कर मंडी को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

    निलंबित प्रभारी मंडी सचिव श्रवण सिंह परमार को उप निदेशक प्रशासन व विपणन कार्यालय कानपुर व लेखा पटल प्रभारी ज्ञानेश कुमार को कानपुर मंडी से संबद्ध किया गया है। सचिव व लेखा पटल प्रभारी पर निलंबन की कार्रवाई होने से मंगलवार को नवीन मंडी में व्यापारियों के लाइसेंस रिन्युवल फार्म पर डीएससी न लगने समेत व्यापारियों के कई कार्य नहीं हो सके।

    यह भी पढ़ें- रामपुर में राशन डीलर को दबंगई पड़ी भारी: जांच टीम से की बदसलूकी, अब दुकान सस्पेंड; 7 दिन में दर्ज होगी FIR