कन्नौज में खाद भरा लोडर पकड़ा तो दबंगों ने पुलिस टीम पर किया हमला, 8 लोगों पर मुकदमा दर्ज
कन्नौज में चेकिंग के दौरान पुलिस ने कालाबाजारी के लिए जा रहे खाद से भरे लोडर को पकड़ा, लेकिन चालक के दोस्तों ने पुलिस टीम पर हमला कर उसे छुड़ा लिया। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, कन्नौज। चेकिंग के दौरान पुलिस ने हरदोई कालाबाजारी के लिए जा रही खाद से भरा लोडर पकड़ लिया। चालक ने इस दौरान अपने दोस्तों को फोन कर दिया। इससे दोस्तों ने पुलिस टीम पर हमला कर लोडर चालक को छुड़ा लिया। पुलिस ने मामले में आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शनिवार की रात 10 बजे सदर कोतवाली की कुसुमखोर चौकी प्रभारी साहिल शर्मा कुसुमखोर घाट पर गंगा पुल पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान कन्नौज से हरदोई की ओर डीएपी खाद लेकर जा रहे लोडर चालक को उन्होंने रोक लिया। लोडर में लोड डीएपी खाद के बारे में पूछताछ करने पर वह लालच देकर जाने का प्रयास करने लगा। इससे पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लिया।
इस दौरान चालक ने फोन कर दोस्तों और परिवार के लोगों को बुला लिया। इसके बाद बाइक और कार से पहुंचे लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर चालक को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस ने खाद से लदे लोडर और एक हमलावर की बाइक को कब्जे में ले लिया।
वहीं कुसुमखोर चौकी प्रभारी साहिल शर्मा ने सदर कोतवाली में हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी परशुराम, धीरे, शेरा, राजीव, मोहन, रामलखन, पप्पू और राजेश के खिलाफ हमला कर आरोपित को हिरासत से छुड़ाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खबरें और भी
कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कालाबाजारी के लिए खाद ले जा रहे लोडर को पुलिस ने पकड़ लिया था। इस दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर हमला कर चालक को छुड़ा लिया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।