कन्नौज में मिर्जापुर पुल के पास हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो पेट्रोल पंप कर्मियों की मौत
कन्नौज में मिर्जापुर पुल के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो पेट्रोल पंप कर्मियों की मौत हो गई। पवन शाक्य की मौके पर जबकि रूप सिंह की इलाज के दौरान सीएचसी सौरिख में मौत हुई।

पवन और रूप की मौत की सूचना के बाद रोते-बिलखते स्वजन। जागरण
HighLights
बस में फंसकर 50 मीटर तक घिसटी बाइक, भाग निकले चालक-परिचालक
पेट्रोल पंप कर्मी पवन शाक्य और रूप सिंह की हुई मौत
इटावा के एक पेट्रोल पंप से ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय हुआ हादसा
संवाद सूत्र, सकरावा(कन्नौज)। इटावा में जिओ के पेट्रोल पंप से ड्यूटी करके घर लौट रहे दो पेट्रोल पंप सेल्समैनों की बाइक में ऊसराहार-सकरावा मार्ग पर सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक सेल्समैन की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के समय बाइक बस के अगले पहिए में फंसकर 50 मीटर तक घिसटी थी।
क्षेत्र के ग्राम परौर निवासी 22 वर्षीय पवन शाक्य पुत्र ब्रजेश कुमार अपने ही गांव के 20 वर्षीय रूपसिंह पुत्र राजवीर बाथम के साथ इटावा में जिओ पेट्रोल पंप पर सेल्समैन की नौकरी करते थे। दोनों शनिवार को ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक पवन शाक्य चला रहे थे जबकि रूपसिंह पीछे बैठे थे। जैसे ही वह ऊसराहार-सकरावा मार्ग पर मिर्जापुर पुल के पास पहुंचे, तभी हरदोई से इटावा जा रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पवन की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायल रूप सिंह को सीएचसी सौरिख ले गई। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद रोडवेज बस चालक व परिचालक मौके से भाग निकले। हादसे की सूचना पाकर मृतकों के स्वजन पहुंचे।
स्वजन ने बताया कि पवन की शादी आठ माह पहले सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम चिकनपुर निवासी शिवानी के साथ हुई थी। जबकि रूप सिंह अविवाहित था। थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
