BAMS छात्र निकला 500 के नकली नोट खपाने वाला, कानपुर में गिरफ्तारी, मालदा के गिरोह से जुड़े तार
कानपुर की नौबस्ता पुलिस ने नकली नोट खपाने वाले बीएएमएस छात्र सौमित्र त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से ...और पढ़ें

नौबस्ता में नकली नोटों के साथ गिरफ्तार बीएएमएस छात्र सौमित्र त्रिपाठी। पुलिस
HighLights
बीएएमएस छात्र कानपुर में नकली नोटों के साथ गिरफ्तार
पुलिस ने 500 रुपये के पांच नकली नोट बरामद किए
आरोपी पश्चिम बंगाल के नकली नोट गिरोह से जुड़ा था
जागरण संवाददाता, कानपुर। नौबस्ता पुलिस ने नकली नोट खपाने वाले बीएएमएस का छात्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपित के पास से 500 रुपये के पांच नकली नोट बरामद हुए। उसकी पहचान औरैया, बेला क्षेत्र के जोगनीपुरवा निवासी सौमित्र त्रिपाठी के रूप में हुई है।
वह ग्वालियर के एक कालेज से बैचलर आफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) के अंतिम सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित पश्चिम बंगाल के मालदा के एक गिरोह के संपर्क में था। गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन पर उसे नकली नोट देकर चले जाते थे, जिन्हें वह बाजार में सामान खरीदने के बहाने खपाता था।
नौबस्ता थानाप्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना पर दांसू कुआं के पास घेराबंदी करके आरोपित सौमित्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बताया कि तीन साल पहले महिलामित्र से दुष्कर्म के आरोप में घाटमपुर पुलिस ने उसे जेल भेजा था।
करीब आठ माह बाद जेल से बाहर आया था। जेल में ही उसकी मुलाकात नकली नोट खपाने वाले गिरोह के सदस्यों से हुई थी। गिरोह के दो-तीन अन्य सदस्य भी इसमें शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
थानाप्रभारी के मुताबिक, आरोपित 50 प्रतिशत कीमत पर नकली नोट लेता था। नकली नोट देखने में असली जैसे होते हैं, इसलिए उन्हें आसानी से पहचानना मुश्किल होता है। आरोपित 500 रुपये का नकली नोट देकर करीब 50 रुपये का सामान खरीदता था और बाकी रकम असली रुपये के रूप में वापस ले लेता था। इस तरह वह बाजार में नकली नोट खपाता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।