कानपुर में चार करोड़ रुपये से सुधरेंगी 50 सड़कें, टिन शेड भी होंगे दुरुस्त; एक हफ्ते में वर्कऑर्डर
कानपुर नगर निगम चार करोड़ रुपये से 50 सड़कों की मरम्मत करेगा, जिसके लिए टेंडर डाले जा चुके हैं और ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर नगर निगम चार करोड़ रुपये से 50 सड़कों की मरम्मत करेगा
मरियमपुर से कोका-कोला चौराहा तक 12 साल बाद सड़क बनेगी
रावतपुर-देवकी चौराहा सड़क की बदहाली पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं
जागरण संवाददाता, कानपुर। नगर निगम चार करोड़ रुपये 50 सड़कों को दुरुस्त कराएगा। इसको लेकर शुक्रवार को टेंडर डाले गए। टेंडर खोलकर एक हफ्ते में वर्कआर्डर जारी करके कार्य शुरू करा दिया जाएगा। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने आदेश दिए है कि जल्द वर्कआर्डर जारी करके विकास कार्य शुरू कराया जाएगा। साथ ही चल रहे कार्यों को समय पर पूरा कराने के आदेश दिए है। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।
यह बनेगी प्रमुख सड़कें
- परेड चौराहा दयाराम स्वीट व रामलीला मैदान के पास पैचवर्क - 9.40 करोड़ रुपये
- यशोदा नगर के सतबरी रोड से जय गुरुदेव प्रोविजन स्टोर से हर-हर महादेव गेस्ट हाउस तक पैचवर्क - 9.91 लाख रुपये
- जवाहर नगर में पैचवर्क - 8.12 लाख रुपये
- ईदगाह में सड़क निर्माण - 9.80 लाख रुपये
- छबीलेपुरवा खुला कूड़ा अड्डा पर टिन शेड का कार्य - 2.07 लाख रुपये
12 साल बाद मरियमपुर से कोकाकोला चौराहा तक बनने लगी सड़क
मरियमपुर से कोकाकोला चौराहा तक उखड़ी व गड्ढों वाली सड़क से 12 साल बाद लोगों को निजात मिलने जा रही है। नगर निगम दो करोड़ रुपये से 14 सौ मीटर लंबी सड़क बनाने जा रहा है। खोदकर नए सिरे से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। तीन इंच मोटी सड़क बन रही है। इससे आधा दर्जन मोहल्लों और करीब रोज निकलने वाले 50 हजार वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
बीच-बीच में होता रहा पैचवर्क
मरियमपुर से कोकाकोला चौराहा तक वर्ष 2014 में सड़क का निर्माण कराया गया था। उसको बाद बीच-बीच में पैचवर्क होता रहा लेकिन कभी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। इस सड़क के बनने से कौशलपुरी, दर्शनपुरवा, मरियमपुर, फजलगंज, गुमटी नंबर पांच, लाजपत नगर के लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही कोकोकोला चौराहा से गोविंद नगर और सर्वोदय नगर जाने वालों को अब गड्ढों से नहीं जूझना होगा। नगर निगम के अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि नए सिरे से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। 12 साल बाद सड़क बन रही है। तीन इंच मोटी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
लापरवाही की हद: रावतपुर से देवकी चौराहा तक की सड़क का बदहाल
लापरवाही की हद है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के आदेश के बाद भी पीडब्ल्यूडी ने रावतपुर क्रासिंग से देवकी चौराहा तक की सड़क को चलने लायक बना तो दूर अभी तक गड्ढे तक नहीं भरे है। 13 अक्टूबर को तीन दिन में सड़क चलने लायक बनाने के आदेश दिए थे लेकिन 10 दिन हो चुके है लेकिन सड़क नहीं ठीक हुई है। इसके चलते रोज लोग फंसते है और जाम लगता है।
धूल से सांस लेना तक दूभर
उड़ती धूल ने और लोगों को परेशान कर दिया है। सांस लेना तक दूभर हो गया है। वहीं देवकी चौराहा से छपेड़ापुलिया तक की सड़क का भी हाल बेहाल है। नाली चोक होने से खोदी सड़क में पानी भरने से गड्ढे हो गए है। इसके चलते दिनभर वाहन चालक फंसते है। नगर निगम ने दावा किया है कि एक हफ्ते में सड़क का निर्माण कर दिया जाएगा।
13 अक्टूबर को किया था निरीक्षण
नगर आयकु्त ने 13 अक्टूबर को रावतपुर क्रासिंग से देवकी चौराहा तक सड़क का निरीक्षण किया था और नगर आयुक्त द्वारा मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता से मोबाइल पर वार्ता की थी। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि रावतपुर क्रासिंग से देवकी चैराहे तक जल निगम के कारण बड़े-बड़े गडढे हो गये है इस सड़क को 40 लाख रुपये से बनाया जाएगा। तत्कालीन राहत के लिए तीन दिन में गड्ढे भरने के के आदेश दिए थे लेकिन अभी तक कार्य नहीं हुआ है।
10 माह पहले सीवर डाली थी
वहीं देवकी चौरहा से छपेड़ापुलिया जाने वाली सड़क पर जल निगम ने 10 माह पहले सीवर लाइन डाली थी। बाद में मार्च में नगर निगम ने चलने लायक सड़क को किया था लेकिन धंस गई। अब 70 लाख रुपये से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि एक हफ्ते में देवकी चौराहा से हरी हास्टल तक नाली समेत सड़क को ठीक किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।