प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, मई में नहीं कटेगा कोई कनेक्शन, केस्को एमडी नेहा जैन ने दी बड़ी जानकारी
केस्को ने कानपुर के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है, अब प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड में बदला जा रहा है। मई में कोई बिजली कनेक्शन नहीं कटेगा ...और पढ़ें

केस्को एमडी नेहा जैन। जागरण
HighLights
प्रीपेड स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड में बदले गए
मई में कानपुर में कोई कनेक्शन नहीं कटेगा
जून से पोस्टपेड बिल एसएमएस/वाट्सएप पर मिलेंगे
जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को लेकर पिछले कई दिनों से चले आ रहे असमंजस के बादल अब छंट गए हैं। कानपुर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। केस्को ने स्मार्ट मीटर और प्रीपेड व्यवस्था में आ रही तकनीकी दिक्कतों के बीच जनता को बड़ी राहत दी है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब बिजली का पोस्टपेड बिल ही जारी होगा। मई में कोई भी बिजली कनेक्शन नहीं कटेगा। अब तक 1.39 लाख कनेक्शन के स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड से पोस्टपेड कर दिया गया है। यह बातें सोमवार को केस्को एमडी नेहा जैन ने पत्रकारों से बातचीत में बताईं।
केस्को मुख्यालय के सभागार में उन्होंने पत्रकारों को बताया कि 1.64 लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगे हैं। इसमें 1.41 लाख स्मार्ट मीटर प्रीपेड है, जिसमें से अब तक 1.39 लाख प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदला जा चुका है। एमडी ने कहा कि मई की विद्युत खपत का बिल जून में पोस्टपेड प्रणाली के अंतर्गत ही जारी होगा। स्मार्ट पोस्टपेड बिल उपभोक्ताओं को एसएमएस या फिर वाट्सएप से भेजे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक महीने की 10 तारीख तक बिजली बिल जारी होगा। यदि किसी कारण से आटोमेटिक रीडिंग प्राप्त नहीं हो रही होती है तो 5 तारीख के बाद संबंधित मीटरों की मैन्युअल रीडिंग लेकर बिल जारी होगा। बिल जारी होने की तारीख से देय तिथि 15 दिन रहेगी। फिर सात दिन में कनेक्शन कट जाएगा। विलंब अधिभार भी जुड़ेगा।
खबरें और भी
एमडी ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर आरएमएस (राजस्व प्रबंधन प्रणाली) में दर्ज नहीं हैं या त्रुटिपूर्ण हैं, उन्हें मैसेज नहीं प्राप्त हो रहे हैं, वह तत्काल ठीक करा लें। ऐसे लोग वाट्सएप (8287835233) पर कनेक्शन नंबर देकर बिल प्राप्त कर सकते हैं। एमडी ने ये भी कहा है कि सभी नए बिजली कनेक्शन स्मार्ट मीटर के माध्यम से पोस्टपेड मोड में ही जारी होंगे।
पूर्व में प्रीपेड में बदलाव के समय उपभोक्ताओं की जमा सिक्योरिटी राशि बिल में समायोजित की गई थी। इस समायोजित धनराशि को चार समान किश्तों में उपभोक्ता के जून के बिल एवं फिर अन्य तीन महीने के बिल में जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि विलंब अधिभार से बचाने के लिए उपभोक्ता 30 अप्रैल तक के बकाए को 10 किश्तों में जमा कर दें। कमर्शियल व अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को तीन किश्तों में बकाया जमा करने को सुविधा दी गई है। इस मौके पर निदेशक तकनीकी पीके सिंह व निदेशक कमर्शियल राकेश वार्ष्णेय भी थे।