इटावा में थप्पड़ का खूनी बदला, गोली मारकर कर दी दोस्त की हत्या, मुठभेड़ के बाद आरोपित गिरफ्तार
इटावा में एक दोस्त ने जन्मदिन पार्टी में थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए अपने 17 वर्षीय मित्र की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के 14 घंटे के ...और पढ़ें

HighLights
एलिश हत्याकांड का राजफाश, पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी अतुल को किया गिरफ्तार
जन्मदिन की पार्टी के दौरान दो बार एलिश ने आरोपित को मारे थे थप्पड़, हथियार बरामद
ताना देना बना हत्या की वजह, मुख्य आरोपी अतुल व उसका चचेरा भाई पंकज गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा में पार्टी में थप्पड़ मारने पर बेईज्जती का बदला लेने को दोस्त की हत्या कर दी। दोस्त को गोली मार दी। अब आरोपित को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया।
गांव बल्लमपुर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान सोमवार शाम दोस्त को काला कहने को लेकर हुए विवाद ने दोस्ती को खूनी दुश्मनी में बदल दिया। रंग को लेकर दिए गए ताने और थप्पड़ मारने से हुई बेइज्जती का बदला लेने के लिए 17 वर्षीय एलिश की उसके ही दोस्त अतुल पाल ने तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने घटना के 14 घंटे के भीतर पत्तापुरा से भदामई मार्ग पर मुठभेड़ के बाद आरोपित अतुल पाल उर्फ जीतू पुत्र महेंद्र पाल और उसके चचेरे भाई पंकज निवासी संतोषपुर घाट को गिरफ्तार कर हत्याकांड का राजफाश किया है। अतुल के दाएं पैर में गोली लगी है, उसके पास से तमंचा व दो कारतूस मिले हैं।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों को थानाध्यक्ष सौरभ सिंह एवं उनकी टीम ने सूचना पर ग्राम पत्तापुरा से भदामई मार्ग से मंगलवार सुबह 8 बजे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पुलिस टीम के घेरने पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस की गोली अतुल उर्फ जीतू के दाएं पैर में लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। जिसके बाद उसके सहयोगी चचेरे भाई पंकज को दबोच लिया गया।
घायल जीतू को उपचार के लिए सीएचसी बसरेहर ले जाया गया है। उनके कब्जे से हत्या और टीम पर फायरिंग में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस एवं दो खाली कारतूस के साथ बाइक मिली है। उन्होंने बताया कि सोमवार की शाम बसरेहर के बल्लमपुर गांव में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए आपस में विवाद के बाद एलिश यादव नाम के किशोर की उसके दोस्त अतुल ने तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी थी। एलिश के पिता रविंद्र यादव ने नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
खबरें और भी
पुलिस पूछताछ में अतुल ने बताया कि अंकित के जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान केक काटते समय एलिश यादव ने उसे काला कहते हुए अभद्रता की और सभी दोस्तों के सामने थप्पड़ मारे थे। सबके सामने हुई बेइज्जती के कारण उसने गुस्से में आकर अपने चचेरे भाई के साथ तमंचे से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। उसने यह भी बताया कि एलिश ने एक बार नहीं बल्कि दो बार उसे थप्पड़ मारे थे।
मौके से चला जाता एलिश तो बच जाती जान
अतुल ने बताया कि जन्मदिन पार्टी में जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र पाल भी थे। उनका गाड़ी के बोनट पर केक रखकर काटा जा रहा था। चंपानेर तिराहे पर एलिश ने दोस्तों के सामने उसके साथ मारपीट कर बेइज्जती कर दी थी। वह वहां से गुस्से में बोलकर गया कि रुको, कुछ देर में आ रहा हूं। वह घर से तमंचा लेकर अपने चचेरे भाई पंकज के साथ दोबारा वहां पहुंचा और एलिश की छाती पर तमंचा रखकर गोली मार दी। वह जमीन पर गिर गया, उसके दोस्त मौके से भाग गए। अतुल की संतोषपुर गांव में बाइक मैकेनिक की दुकान है। पढ़ाई के दौरान एलिश उसकी दुकान पर बैठता था, इस कारण दोस्ती हो गई थी।