रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर, कानपुर से खाटू श्याम के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, जयपुर भी जाना आसान
रेलवे ने प्रयागराज-सीकर स्पेशल ट्रेन शुरू की है, जो कानपुर होते हुए खाटू श्याम और जयपुर को जोड़ेगी। हालांकि, कानपुर सेंट्रल पर कई ट्रेनें देरी से चल र ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर से खाटू श्याम के लिए नई स्पेशल ट्रेन शुरू
डिब्रूगढ़ राजधानी सहित कई ट्रेनें कानपुर सेंट्रल पर लेट
संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस सितंबर में कुछ तिथियों पर निरस्त
जागरण संवाददाता, कानपुर। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज क्षेत्र और रींगस क्षेत्र (खाटू श्याम) के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी करने के लिए ट्रेन नंबर 04161/62 प्रयागराज-सीकर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
प्रयागराज रेल मंडल के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि इस विशेष ट्रेन सेवा का मुख्य उद्देश्य प्रयागराज के तीर्थक्षेत्र को खाटू श्याम के रींगस जंक्शन से सीधा जोड़ना है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर यात्रा का लाभ मिलेगा। ये स्पेशल ट्रेन प्रयागराज, कानपुर, आगरा, अलवर, जयपुर, रींगस जंक्शन और सीकर जंक्शन जैसे ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ना है।
सीपीआरओ ने बताया कि ट्रेन नंबर 04161/04162 प्रयागराज से 10 अगस्त से हर सोमवार को 30 नवंबर तक 17 फेरों में चलाई जाएगी। इसी तरह सीकर से ये ट्रेन हर मंगलवार को 11 अगस्त से एक दिसंबर तक 17 फेरों में चलेगी। इस ट्रेन में सामान्य के सात, स्लीप के दस व एसी तृतीय के एक कोच समेत कुल 20 कोच लगेंगे।
वहीं, कानपुर से भारत गौरव ट्रेन के जरिये कीजिए चार ज्योर्तिलिंगों के दर्शन
आइआरसीटीसी श्रावण मास में यात्रियों के लिए चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराएगा। भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिये महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओमकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के अलावा स्टैचू आफ यूनिटी का भ्रमण भी कराया जाएगा।
17 अगस्त को गोरखपुर से होगा संचालन
आइआरसीटीसी के ज्वाइंट जनरल मैनेजर वायुनंदन शुक्ल, डिप्टी सीटीएम अकांशु गोविल, आइआरसीटीसी के मैनेजर नवनीत गोयल व कंसल्टेंट अनिल तिवारी ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता में बताया कि भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का संचालन 17 अगस्त को गोरखपुर से किया जाना है। इस ट्रेन का ठहराव कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी रहेगा। यहां से भी लोग इस ट्रेन के जरिये यात्रा कर सकते हैं।
ये है किराया
17 अगस्त से 26 अगस्त तक नौ रात एवं 10 दिन के दर्शन के लिए अलग-अलग श्रेणियों का पैकेज तय किया गया है। स्लीपर के लिए 18380, थर्ड एसी में 29570 व सेकेंड एसी के लिए 38870 रुपये प्रति व्यक्ति किराया तय किया गया है। इसमें होटल, खाना और लोकल ट्रांसपोर्ट का खर्च जुड़ा हुआ है। यही नहीं आइआरसीटीसी ने यात्रा किराए के लिए ईएमआइ की सुविधा भी दी है, जो 12 महीने व 24 महीने के पैकेज में हो सकता है।
खबरें और भी
इधर, डिब्रूगढ़ राजधानी फिर लेट, कई ट्रेनें देर से आईं
कानपुर सेंट्रल और आसपास के स्टेशन होकर निकलने वाली ट्रेनें शुक्रवार को भी विलंब से निकलीं। नई दिल्ली जाने वाली डिब्रूगढ़ राजधानी के अलावा प्रयागराज व गोरखपुर रूट पर निकलने वाली ट्रेनों के संचालन पर भी काफी असर पड़ा। कानपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 22823 नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार को निर्धारित समय 4.35 बजे की जगह 7.15 बजे आई। ये ट्रेन दो घंटे 50 मिनट विलंब से कानपुर पहुंची। इसी तरह 12423 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी निर्धारित समय 4.55 बजे की जगह दो घंटे 40 मिनट विलंब से 7.35 बजे आई। ये ट्रेन लगातार छठें दिन भी लेट आई।
ये भी ट्रेनें लेट
इसके अलावा 12419 गोमती एक्सप्रेस भी दो घंटे 23 मिनट की देरी से आई। साथ ही गोरखपुर जाने वाली 12556 गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस निर्धारित समय 2.55 बजे की जगह एक घंटे पांच मिनट की देरी से निकली। इसके अलावा 12512 राप्ती सागर एक्सप्रेस दो घंटे 27 मिनट की देरी से निकली। वहीं प्रयागराज रूट पर जाने वाली ट्रेनों के संचालन पर भी काफी असर पड़ा।
तीन दिन निरस्त रहेगी कानपुर आने वाली संबलपुर एक्सप्रेस
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के बंडामुंडा केबिन में नान इंटरलाकिंग का कार्य होना है। इसको लेकर ट्रेन नंबर 18309/10 संबलपुर-जम्मूतवी को निरस्त करने का निर्णय है। प्रयागराज मंडल के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 18309 संबलपुर-जम्मूतवी 22 सितंबर, 24 सितंबर व 26 सितंबर को निरस्त रहेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 18310 जम्मूतवी-संबलपुर 25 सितंबर, 27 व 29 सितंबर को निरस्त रहेगी। इस ट्रेन का ठहराव कानपुर सेंट्रल में भी रहता है।