डीजल के दाम बढ़ने से माल भाड़ा में दूसरी बार 15% की वृद्धि, कानपुर ट्रांसपोर्टरों का फैसला, आम जनता पर पड़ेगा सीधा असर
डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण कानपुर के ट्रांसपोर्टरों ने 10 दिनों में दूसरी बार माल भाड़े में 15% की वृद्धि की घोषणा की है। इस फैसले से आ ...और पढ़ें

(Photo Source - AI Generated)
HighLights
डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से ट्रांसपोर्टर परेशान
माल भाड़े में तत्काल 15% की बढ़ोतरी का ऐलान
25% वाहन आरटीओ में सरेंडर करने का निर्णय
जागरण संवाददाता, कानपुर। डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर ट्रांसपोर्ट कारोबार पर पड़ा है। बीते 10 दिनों के भीतर ट्रांसपोर्टरों ने दूसरी बार माल भाड़े में बढ़ोतरी का फैसला किया है। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ने जा रहा है। रोज घरों में पहुंचनी वाली हरी सब्जियों से लेकर रोजमर्रा की तमाम आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में उछाल आना तय माना जा रहा है।
पेट्रोलियम कंपनियों ने पिछले 11 दिनों में चौथी बार सोमवार को पेट्राेल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। डीजल के दाम में हुई वृद्धि के बाद अब सोमवार को ''''द यू.पी. मोटर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन'''' ने माल -भाड़ा की दर बढ़ाने का एलान किया है। इससे पहले 15 मई को भी दस प्रतिशत माल भाड़ा दर बढ़ाने की घोषणा की गई थी।
सोमवार को एसोसिएशन भवन में ट्रांसपोर्टरों की आपात बैठक बुलाई गई। प्रदेश अध्यक्ष मनीष कटारिया के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा लगातार बढ़ाए जा रहे डीजल के दामों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई और सर्वसम्मति से तीन बड़े निर्णय लिए गए।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि डीजल की वर्तमान दरों को देखते हुए तत्काल प्रभाव से माल भाड़े (फ्रेट चार्ज) में न्यूनतम 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा रही है। इसके अलावा भारी आर्थिक नुकसान को देखते हुए सभी वाहन स्वामी अपने कुल वाहनों की संख्या का न्यूनतम 25 प्रतिशत वाहन आरटीओ कार्यालय में जाकर सरेंडर करेंगे ताकि टैक्स व अन्य खर्चों से बचा जा सके। इसके साथ ही अगले छह महीने तक कोई नया वाहन भी नहीं खरीदा जाएगा।
बैठक में संरक्षक अजय कपूर, प्रदेश प्रभारी यादवेन्द्र प्रताप सिंह, महामंत्री राघवेन्द्र वर्मा, अरुण वाधवा, अग्रवाल, गुलशन छाबड़ा, आशु गांधी, आनन्द चेतन कत्याल, राजेन्द्र सिंह सेठी, अंजनी कुमार गुप्ता, माधव भल्ला, रमेश चन्द्र शुक्ला, अभिषेक यादव, सुभाष अग्रवाल, पुरूषोत्तम मिश्रा, राजकुमार गोयल मौजूद रहे।