कानपुर: पर्यावरण से खिलवाड़ और पाप छिपाने की साजिश, 8 किमी तक फेंका जहरीला कचरा; 2 दिन में निस्तारण के निर्देश
कानपुर के महाराजपुर में पुरवामीर से सरसौल तक हाईवे के किनारे क्रोमियमयुक्त कचरा फेंककर पर्यावरण प्रदूषित किया जा रहा है, जिससे मिट्टी और पानी जहरीला ह ...और पढ़ें

कानपुर में हाईवे के किनारे क्रोमियमयुक्त कचरा फेंका जा रहा।
HighLights
महाराजपुर में 8 किमी तक क्रोमियमयुक्त कचरा फेंका गया।
कचरे से मिट्टी पीली और पानी जहरीला हुआ।
विधानसभा अध्यक्ष ने दो दिन में निस्तारण का आदेश दिया।
संवाद सहयोगी, महाराजपुर(कानपुर)। महाराजपुर में पुरवामीर से लेकर सरसौल तक लगभग आठ किमी के दायरे पर हाईवे किनारे जगह-जगह क्रोमियमयुक्त कचरा डालकर पूरे क्षेत्र के पर्यावरण को प्रदूषित किया जा रहा है। क्रोमियम के जहरीले प्रभाव से कचरे वाले स्थान की मिट्टी पीली पड़ गई है और बंजर जैसी लग रही है।
जलाशय में भरा जल भी पीला हो गया है, जो पानी व भूमि के प्रदूषित होने की पुष्टि कर रहे हैं। पुरवामीर व सरसौल के बाद अब महोली मोड़ के पास भी हाईवे किनारे भारी मात्रा में कचरा फेंककर आरोपित फरार हो गए। क्रोमियम छिपाने को हाईवे की तरफ आगे के हिस्से में औद्योगिक इकाइयों के पाप को मिट्टी से ढककर साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया गया है।
महाराजपुर में शनिवार को महोली मोड़ से थोड़ा आगे फतेहपुर से कानपुर लेन में हाईवे किनारे भारी मात्रा में क्रोमियमयुक्त कचरा पाया गया। कचरा फेंकने के बाद उस पर ऊपर से मिट्टी भी डाली गई ताकि सामने से कोई मिट्टी का ढेर समझे और जहरीला क्रोमियम छिपा रहे।
यहां खतरनाक रसायन की बदबू से लोगों का निकलना दूभर है। वहीं, तिवारीपुर गांव से पहले हाईवे किनारे कानपुर से फतेहपुर लेन में जिस जगह कचरा फेंका गया था। वहां की मिट्टी पीली पड़कर ऊसर-बंजर की तरह लगने लगी है।बगल में गड्ढ़े में भरा पानी भी क्रोमियम के प्रभाव से बिल्कुल पीला हो गया है।
खबरें और भी
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदूषण अधिकारी को फटकारा
विस अध्यक्ष सतीश महाना ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अजीत कुमार सुमन, एसडीएम नर्वल सत्यपाल प्रजापति और थाना प्रभारी महाराजपुर को कार्यालय बुलाकर प्रकरण की जानकारी ली। कचरे के शीघ्र निस्तारण को लेकर हीलालहवाली पर क्षेत्रीय अधिकारी को फटकार लगाई।
उसके बाद पर्यावरण मंत्री, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष आरपी सिंह व पर्यावरण विभाग की प्रमुख सचिव बी चंद्रकला से भी फोन पर बात कर दो दिन के अंदर कचरे का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
कचरे की लेखपाल ने की जांच
शुक्रवार को सरसौल में महुआगांव मोड़ के पास हाईवे किनारे क्रोमियमयुक्त कचरा बड़ी मात्रा में फेंका गया था। शनिवार को क्षेत्रीय लेखपाल वरुण सिंह ने सरसौल चौकी पुलिस के साथ जाकर जांच की। रिपोर्ट बनाकर एसडीएम नर्वल को भेजी गई है।
नहीं कराया गया निस्तारण
महाराजपुर के पुरवामीर व सरसौल में क्रोमियमयुक्त कचरे की जांच में पुष्टि होने के बाद भी जिम्मेदार बड़ी लापरवाही कर रहे हैं। शुक्रवार शाम को कचरे में खतरनाक रसायन की पुष्टि होने के बाद भी शनिवार शाम तक वह जस का तस पड़ा था।
क्रोमियमयुक्त कचरे के निस्तारण के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से बातचीत की गई है। उन्होंने लखनऊ में विभागीय अधिकारियों को कचरे की उचित निस्तारण कराने के लिए पत्र लिखा है। लखनऊ से अनुमति मिलते ही कचरे का निस्तारण कराया जाएगा। प्रक्रिया में एक या दो दिन का समय लग सकता है।- सत्यपाल प्रजापति, एसडीएम नर्वल