UP में खौफनाक घटना, Kanpur में 11 साल की किशोरी से हैवानियत कर मार डाला, दरिंदगी छिपाने शव खेत में गाड़ा
कानपुर के बिधनू में 11 वर्षीय बालिका का शव खेत में गड़ा मिला, जिसकी दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है। सोमवार दोपहर से लापता बच्ची का शव मंगलवार सुबह ...और पढ़ें

HighLights
बिधनू में 11 वर्षीय बालिका का शव खेत में मिला।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, दो आरोपी गिरफ्तार।
पोस्टमार्टम में बर्बरता के निशान, डीएनए जांच जारी।
संवाद सहयोगी, बिधनू(कानपुर)। कानपुर में एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है। किशोरी के साथ हैवानियत के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बर्बरात की कहानी उसके शव पर गले, सीने और पीठ पर मिले चोट बयां कर रहे हैं। इस बर्बरात और हैवानियत को छिपाने के लिए खेत में शव को दबा दिया गया। पढ़ें दरिंदगी की पूरी कहानी...।
बिधनू के एक गांव में सोमवार दोपहर से लापता 11 वर्षीय बच्ची का शव मंगलवार सुबह घर से 500 मीटर दूर खेत में गड़ा मिला। इससे गांव में सनसनी फैल गई। बिधनू थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल शुरू की। स्वजन ने घर से 200 मीटर दूर रहने वाले प्रापर्टी डीलर व उसके तीन बेटों पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने और शव छिपाने के लिए गाड़ने का आरोप लगाया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम हाउस ले जाने लगी।
गुस्सा इतना कि पुलिस से छीना शव
तभी ग्रामीण व स्वजन भड़क उठे और पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया और शव छीनने का प्रयास किया। इस दौरान एक सिपाही के गिरने से उनके सिर पर चोंट आ गई। माहौल बिगड़ने की आशंका पर एसीपी घाटमपुर कृष्ण पाल सिंह ने लोगों को समझाते हुए दो आरोपितों की गिरफ्तारी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और पुलिस शव ले जा सकी।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, पुलिस बल भी तैनात
वहीं, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डा. विपिन ताडा, डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी समेत अधिकारी भी पहुंचे और परिवार और ग्रामीणों के साथ हत्यारोपितों के परिवार से भी पूछताछ की। सुरक्षा को देखते हुए गांव में पीएसी बल भी तैनात किया गया।
खबरें और भी
कक्षा पांच में पढ़ती थी बेटी
मजदूर पिता ने बताया कि 11 वर्षीय बेटी पांचवीं की छात्रा थी। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे बेटी घर से 200 मीटर दूर खेत में बकरी चराने गई थी। बालिका के ताऊ ने बताया कि वह उसी समय खेत के पास से गुजर रहे थे। तभी पास में लगे कटहल के पेड़ से पत्ते तोड़ रहे कमल बेड़िया ने बालिका से पत्ते अपने घर भेजे थे। वह पत्ते लेकर कमल के घर चली गई। इसके बाद वह खेतों की ओर चले गए।
गेहूं के खेत में खुदी मिट्टी देखी
ताऊ के मुताबिक, देर शाम मजदूरी करके वह और भाई घर लौटे तो पता चला कि बेटी घर नहीं लौटी। इस पर परिवार के लोगों ने बेटी की तलाश शुरू कर दी, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी और देर रात तक पुलिस के साथ परिवार बालिका को ढूंढते रहे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे फिर तलाश की जाने लगी। पिता के मुताबिक, घर से लगभग 500 मीटर दूर गेहूं के खेत में झाड़ियों के पास पहुंचे तो वहां मिट्टी खुदी दिखाई दी।
गड्ढे पैर से बाहर निकले थे
वहां पहुंचे तो पैर गड्ढे से बाहर निकले दिखे। जब मिट्टी हटाई गई तो बेटी का अर्धनग्न शव निकला। यह देख स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। एसीपी घाटमपुर कृष्णपाल सिंह, बिधनू थाने का फोर्स व फोरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डा. विपिन ताडा समेत अधिकारी भी पहुंच गए।
इन पर लगाए आरोप
स्वजन ने प्रापर्टी डीलर गणेश शंकर बेड़िया, उसके बेटे ट्रक चालक कमल, आशीष व शनि पर बेटी से दुष्कर्म व हत्या कर शव दफनाने का आरोप लगाया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम ले जाने की तैयारी करने लगी, लेकिन लोग भड़क उठे और शव लेने के लिए छीनाझपटी होने लगी लेकिन एसीपी ने आरोपितों की गिरफ्तारी और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
शरीर पर मिले चोटों के निशान ने बयां की बर्बरता, पैनल-वीडियोग्राफी में हुआ पोस्टमार्टम
बालिका के शरीर पर मिले चोटों के निशान बर्बरता को बयां कर रहे हैं। उसके गले, सीने और पीठ आदि पर चोटों और नोंचने के निशान मिले हैं। जिससे पता चलता है कि हत्या के पहले उसके साथ दरिंदगी हुई थी। बालिका का तीन डाक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें ककवन सीएचसी की महिला डाक्टर दिव्यारानी, कांशीराम अस्पताल के डा. सुमित मिश्रा और शिवराजपुर सीएचसी के डा. विनोद कुमार शामिल रहे।
डीएनए जांच के साथ खून और लार के नमूने लिए गए
पोस्टमार्टम के दौरान डाक्टरों ने दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई है। इसके साथ ही डीएनए जांच के साथ ही शरीर से लार, खून,बालों के नमूने, नाखून की खरोंच, चोटों की तस्वीरें, पहने हुए कपड़ों के नमूने लिए हैं। इसके साथ ही विस्तृत जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा है। जिसमें पाचन तंत्र से जुड़े अंगों को संरक्षित किया गया है। जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
प्रथमदृष्टया पता चला है कि हत्यारोपितों का पीड़ित परिवार से जमीन का विवाद और नशे में ऐसी घटना करने की बात सामने आई है। दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार धाराएं बढ़ाकर कार्रवाई की जाएगी।
डा. विपिन टाडा, अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था
यह भी पढ़ें- LPG संकट के बीच कानपुर में एक और मुसीबत, सीवर लाइन खोदाई में फटी PNG लाइन