विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां के लिए ITBP जवान की लड़ाई रंग लाई; 36 घंटे में बदली CMO रिपोर्ट? पहले गोलमोल जांच फिर अस्पताल दोषी, जानें पूरा मामला

By Anurag ShuklaEdited By: Anurag Shukla
Published: Mon, 25 May 2026 05:54 PM (IST)

कानपुर में आईटीबीपी जवान की मां के इलाज में लापरवाही के मामले में 9 दिन बाद न्याय मिला। सीएमओ की ...और पढ़ें

(Photo Source - AI Generated)

(Photo Source - AI Generated)

HighLights

  1. सीएमओ रिपोर्ट पलटी: अस्पतालों की लापरवाही हुई उजागर

  2. आईपीएस टीम एक्शन, डॉक्टर-आईपीएस अफसरों ने की जांच।

  3. मुकदमा दर्ज के आदेश, दोनों अस्पताल प्रबंधन पर एफआईआर।

डिजिटल डेस्क, कानपुर। आखिरकार 9 दिन से भटक रहे बेटे को मां के लिए न्याय मिल ही गया। महज 36 घंटे के भीतर कानपुर सीएमओ की पहली रिपोर्ट पलट गई। इसमें डाक्टरों को बचाने के आरोप लग रहे थे। अब दूसरी रिपोर्ट के बाद शहर के दोनों बड़े अस्पतालों के प्रबंधन पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं।

कानपुर में इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के जवान विकास सिंह की मां का इलाज के दौरान लापरवाही के कारण हाथ काटे जाने का मामला देश में सुर्खियों में है। थर्माकोल के आइस-बॉक्स में मां का कटा हाथ लेकर न्याय के लिए भटक रहे जवान के समर्थन में जब कमांडेट के साथ उनके साथी जवान पुलिस दफ्तर पहुंचे तो इंसाफ की उम्मीद जगी। 36 घंटे के भीतर पहली रिपोर्ट पलट गई और पुलिस आयुक्त ने कृष्णा और पारस अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।

kanpur itbp jawan mother hand amputation case

सिस्टम पर सवाल

आईटीबीपी जवान विकास सिंह की मां निर्मला देवी का इलाज के दौरान हाथ काटे जाने का मामले ने सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए। अब यह केस महज एक मेडिकल लापरवाही का केस नहीं रह गया है, बल्कि स्वास्थ्य विभाग, निजी अस्पतालों, प्रशासनिक जवाबदेही और सुरक्षा बलों की संवेदनशीलता से जुड़ा मुद्दा बन गया है।

स्वास्थ्य विभाग सवालों के घेरे में

रविवार देर रात आई जांच रिपोर्ट ने नया सवाल खड़ा कर दिया है। 24 घंटे पहले स्वास्थ्य विभाग की जिस टीम ने पुलिस आयुक्त को दी रिपोर्ट में कृष्णा अस्पताल और पारस अस्पताल को क्लीन चिट दे दी थी। उसकी नए सिरे से हुई जांच में 36 घंटे बाद ही दोनों अस्पतालों को दोषी बना दिया गया है।

बिना सर्जन अस्पताल में कैसे हुआ इलाज

सीएमओ की ओर से गठित जांच टीम की अस्पष्ट रिपोर्ट में हाथ काटे जाने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया। वहीं, यह भी सामने आया है कि कृष्णा अस्पताल में जवान की मां के हाथ की समस्या को किसी भी सर्जन को नहीं दिखाया गया। हालांकि अस्पताल प्रबंधन इससे इन्कार कर रहा है। कल्याणपुर-शिवली रोड पर संचालित ज्यादातर अस्पतालों के बोर्ड में नामचीन डाक्टरों के नाम लिखे होते हैं जबकि मौके पर कोई भी डाक्टर नहीं मिलता है। ऐसा ही कुछ मामला आईटीबीपी जवान की मां का हाथ काटे जाने की घटना में सामने आया।

इस तरह से झाड़ा पल्ला

सीएमओ की ओर से पुलिस आयुक्त को दी गई रिपोर्ट में कृष्णा अस्पताल में बिना सर्जन की सलाह के हाथ में संक्रमण से ग्रसित मरीज को दूसरे अस्पताल जाने दिया गया जबकि इतने बड़े अस्पताल में कई सर्जन होने चाहिए थे। इस बारे में कृष्णा अस्पताल में प्रबंधतंत्र से जुड़े योगेंद्र यादव ने पक्ष रखते हुए कहा कि हमारे अस्पताल में महिला के चेस्ट का इलाज हुआ है। हाथ वाली समस्या हमारे अस्पताल में नहीं हुई है। सर्जन की टीम अस्पताल में रहती है।

kanpur itbp jawan mother hand amputation case

आईटीबीपी ने दिया साथ, तब बनी बात

इस प्रकरण में आईटीबीपी के अधिकारी अपने जवान के लिए प्रतिबद्ध दिखे। जवान ने जब अधिकारियों को बताया कि उसकी सुनवाई नहीं हो रही है तो लखनऊ से सोमवार को लाइजनिंग अफसर अर्पित कुमार को कानपुर भेजा गया। वह जवान को लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कृष्णा हास्पिटल पर गंभीर आरोप लगाए। बताया कि यह अस्पताल पहले आईटीबीपी में इम्पैनल्ड (कैशलेस इलाज) था, पूर्व में दो जवानों की मृत्यु लापरवाही से हो चुकी है, जिसके बाद उसे हटा दिया गया था।

इस वजह से आई थी समस्या

सीएमओ की गठित डाक्टरों की टीम ने रविवार को दोबारा जांच शुरू की। टीम ने कृष्णा हास्पिटल में जवान की मां का इलाज कर रहे डाक्टरों के बयान दर्ज किए। इस दौरान सामने आया कि मरीज की नसों में थक्के जमने से खून का प्रेशर बढ़ रहा था, जिससे समस्या हुई। अगर सही समय पर वैस्कुलर सर्जन से सलाह लेकर हाथ में कट लगा दिया जाता तो हाथ काटने की स्थिति न बनती।

kanpur itbp jawan mother hand amputation case

सीएमओ पर डाक्टरों को बचाने का लगा था आरोप

जवान के भाई रोडवेजकर्मी आकाश सिंह ने सीएमओ पर मां का इलाज करने वाले डाक्टरों को बचाने के लिए जांच रिपोर्ट में खेल करने की बात कही। कहाकि अगर न्याय नहीं मिला तो मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गुहार लगाएंगे। उन्होंने बताया कि मां को स्वास्थ्य लाभ है। सोमवार को डाक्टर उन्हें डिस्चार्ज कर सकते हैं।

भाई ने बताई पूरी व्यथा

टाटमिल स्थित कृष्णा अस्पताल में मां के इलाज में बेहद लापरवाही बरती गई है। मां को भर्ती कराने के अगले दिन ही उनका हाथ पहले काला पड़ा, फिर सूजन आ गई। डाक्टरों को बताया तो उन्होंने एक-दो दिन में ठीक होने की बात कही, लेकिन मां के हाथ में फफोले पड़ गए। यह देख भाई विकास को बताया। भाई ने अफसरों को जानकारी दी तो वह भी नाराज हुए कि पारस अस्पताल में भर्ती कराना चाहिए था। इसके बाद 14 मई की शाम तक मां का हाथ सही नहीं हुआ तो रात लगभग आठ बजे उन्हें पारस अस्पताल में भर्ती करा दिया पर दिक्कत बढ़ती गई।

17 मई को काटना पड़ा दाहिना हाथ

17 मई को डाक्टर को मां का दाहिना हाथ कलाई के पास से काटना पड़ा था। बड़ी बात ये है कि इलाज में लापरवाही के बाद भी सीएमओ ने डाक्टर को बचाने के लिए गोलमोल जवाब जांच रिपोर्ट में लिखकर क्लीनचिट दे दी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मामले में दोबारा जांच कराने की बात कही है। अगर दोबारा जांच में भी डाक्टरों की लापरवाही नहीं मिली तो वह मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गुहार लगाने जाएंगे।

अन्य मरीज की जिंदगी से न हो खिलवाड़

विकास सिंह ने हाल ही में कानपुर में नया भवन बनाया है। उनके नए भवन में छत पड़नी थी, जिसमें पूजा करने के लिए उन्होंने 10 मई को गांव से मां निर्मला सिंह को बुलाया था। छोटे भाई आकाश सिंह ने बताया कि मां सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया। लेकिन चिकित्सकों ने हाथ काट दिया। पारिवारिक भाई पंकज सिंह, विकास सिंह के दादा चंद्रमोहन, पिता इंद्रमोहन सिंह व चचेरे भाई नीलेश सिंह ने कहा कि कोई भी बीमारी नहीं थी, अचानक हाथ काटने की नौबत कैसे आई यह समझ से परे है। परिवार चाहता है कि दोषी डाक्टर व अस्पताल के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो, जिससे किसी अन्य मरीज की जिंदगी से खिलवाड़ न हो सके।

पुलिस आयुक्त ने जताई थी सीएमओ की पहली रिपोर्ट से असहमति

20 मई को विकास अपनी मां का कटा हाथ लेकर इंसाफ के लिए पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे थे। पुलिस आयुक्त ने प्रकरण में सीएमओ से जांच रिपोर्ट मांगी थी। पुलिस आयुक्त के अनुसार, जांच रिपोर्ट में कुछ भी स्पष्ट नहीं है। पूरी रिपोर्ट संभावनाओं पर आधारित है, जिसमें कहा गया है कि हाथ का संक्रमण थर्मा एम्बोलिज्म (खून का थक्का जमना) की वजह से हो सकता है। यह स्थिति कैसे बनी, रिपोर्ट में इस बात का जिक्र नहीं है।

मां का कटा हाथ लिए तीन दिन तक घूमता रहा

जवान विकास सिंह 19 मई को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा। वहां आरोप लगाया था कि अस्पताल की लापरवाही की शिकायत लेकर वह थाना रेल बाजार के चक्कर काटता रहा लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसे सीएमओ के पास जाने को कहा गया। वह सीएमओ कार्यालय भी गया लेकिन वहां भी सुनवाई नहीं हुई। आइस बाक्स में मां का कटा हाथ सुरक्षित करके वह एक दर से दूसरे दर पर भटक रहा है, मगर कोई सुनने को तैयार नहीं है। मजबूरन, मां का कटा हुआ हाथ लेकर सीधे पुलिस आयुक्त कार्यालय जा पहुंचा। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से मिला, जिसके बाद उन्होंने सीएमओ को मेडिकल जांच के लिए कहा है।

इन्होंने खोली सीएमओ की पहली रिपोर्ट की पोल

पिछली बार जांच टीम में केवल स्वास्थ्य विभाग के अफसर शामिल थे, वहीं इस बार स्वास्थ्य विभाग के साथ पुलिस और आईटीबीपी के विशेषज्ञ भी जांच टीम का हिस्सा रहे। जांच टीम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें पुलिस के दो अधिकारी शामिल किए गए हैं, अपर पुलिस आयुक्त विपिन ताडा और प्रशिक्षु आइपीएस सुमेध मिलिंद जाधव दोनों एमबीबीएस डिग्री धारक हैं और डाक्टरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सर्विस की परीक्षा पास की।

पहली जांच रिपोर्ट में उठे कई सवाल

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से वार्ता के दौरान आईटीबीपी के अधिकारियों व जवानों ने कई बिंदुओं को उठाया था, जो सीएमओ की जांच रिपोर्ट में शामिल नहीं हैं। पीड़ित विकास ने पुलिस को छह बिंदुओं पर जांच के लिए कहा था। हालांकि अभी तक उन्होंने छह बिंदुओं के बारे में जानकारी नहीं दी है, लेकिन यह तय है कि सीएमओ की जांच में स्पष्ट नहीं था कि आखिर सांस की मरीज महिला का हाथ किन परिस्थितियों में काटना पड़ा।

kanpur itbp jawan mother hand amputation case


कमिश्नर की जांच पर आईटीबीपी ने जताया भरोसा

आईटीबीपी के अधिकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर विश्वास जताया, लेकिन वह स्वास्थ्य विभाग को लेकर आशंकित दिखे थे। इसे देखते हुए ही संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने इस प्रकरण की गंभीरता से जांच पड़ताल शुरू कर दी। कृष्णा अस्पताल से कौन-कौन से दस्तावेज लेने हैं, कौन-कौन से सवालों के जवाब मांगने है, सबकुछ तय किया जा चुका है। दोनों पुलिस अधिकारियों ने 50 से अधिक सवाल तैयार किए, जिससे यह तय हो सका कि हाथ कटने के लिए जिम्मेदार कौन है।

कमिश्नर कार्यालय में शिकायत के बाद कुछ ऐसे सामने आए थे बयान

 

आईटीबीपी के जवान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ को जांच कर आख्या देने के लिए कहा गया है। सीएमओ की आख्या व जवान की तहरीर के आधार पर जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रघुबीर लाल, पुलिस आयुक्त

 

मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। एसीएमओ डा. रमित की नेतृत्व में टीम ने कृष्णा अस्पताल जाकर इलाज से जुड़े पत्र जुटा लिए हैं। डाक्टर व अन्य स्टाफ के बयान भी लिए जाएंगे।
डा. हरिदत्त नेमी, सीएमओ।

 

हमारे हास्पिटल में इलाज के बाद जवान अपनी मां को लेकर पारस हास्पिटल गया था। वहां पर हाथ काटा गया होगा। हमारे हास्पिटल में दिए गए इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की गई है। जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा।
एश्वर्य गर्ग, निदेशक कृष्णा हास्पिटल

 

मरीज किसी दूसरे अस्पताल से गैंग्रीन संक्रमण लेकर अस्पताल पहुंचा था। यहां पर विशेषज्ञ डाक्टरों ने उनके तीमारदारों को गंभीरता बताकर ही इलाज किया। जान बचाने के लिए तीमारदारों ने डाक्टर का धन्यवाद किया।
- नितिन सारस्वत, सेल्स हेड मार्केटिंग पारस हेल्थ।

 


घटनाक्रम की टाइमलाइन

  • 10 मई: मां निर्मला देवी फतेहपुर से कानपुर बेटे के नए घर पहुंचीं।
  • 13 मई: सांस की तकलीफ के बाद टाटमिल के कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती।
  • 14 मई: गलत इंजेक्शन/लापरवाही से हाथ काला पड़ा, रात में पारस हेल्थ रेफर।
  • 17 मई: संक्रमण पूरी कलाई में फैलने के बाद जान बचाने को काटना पड़ा हाथ।
  • 19 मई: आइस-बॉक्स में मां का कटा हाथ लेकर पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचा जवान।
  • 23 मई: आईटीबीपी के जवान कमांडेंट के साथ पुलिस ऑफिस पहुंचे; सीएमओ की पहली 'क्लीन चिट' रिपोर्ट खारिज।
  • 24 मई: दोबारा जांच में लापरवाही की पुष्टि।
  • 25 मई: कृष्णा और पारस अस्पताल के प्रबंधन पर रेल बाजार थाने में एफआईआर के आदेश।

 

यह भी पढ़ें- ...जब ITBP जवान के मां की जिंदगी पर बात आई, हथियारबंद कमांडो ने कानपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय को घेर लिया

यह भी पढ़ें- अस्पताल को बचाने की कोशिश? कानपुर में ITBP जवान की मां के साथ हुई लापरवाही, सीएमओ की जांच रिपोर्ट से बिफरे पुलिस कमिश्नर

यह भी पढ़ें- ITBP जवान की मां का हाथ काटने का मामला; डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही, नसों में थक्का जमने पर नहीं ली गई थी सर्जन की सलाह

यह भी पढ़ें- कानपुर आईटीबीपी मामला: पारस और कृष्णा अस्पताल के डॉक्टरों की मिली लापरवाही, दर्ज होगा मुकदमा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।