Kanpur Metro यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा: एक ही गो-स्मार्ट कार्ड से लखनऊ समेत कई शहरों में करें सफर, किराये में 10% बचत
लखनऊ मेट्रो में अब एनसीएमसी गो-स्मार्ट कार्ड की सुविधा शुरू हो गई है, जिससे कानपुर और आगरा के यात्री भी एक ही कार्ड से यात्रा कर सकेंगे। यह 'वन नेशन, ...और पढ़ें

HighLights
लखनऊ मेट्रो में एनसीएमसी गो-स्मार्ट कार्ड सुविधा शुरू
एक ही कार्ड से कानपुर, आगरा, लखनऊ मेट्रो में यात्रा
एनसीएमसी कार्डधारकों को किराए में 10% की छूट
जागरण संवाददाता, कानपुर। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड (यूपी-एमआरसी) ने कानपुर और आगरा मेट्रो के बाद अब लखनऊ मेट्रो में भी 'वन नेशन, वन कार्ड' की तरह नेशनल कामन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) गो-स्मार्ट कार्ड शुरू कर दिया है।साथ ही कानपुर मेट्रो के यात्री अब एक ही कार्ड से लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो में निर्बाध यात्रा कर सकेंगे। कानपुर मेट्रो की तरह लखनऊ मेट्रो में भी एनसीएमसी कार्डधारकों को प्रत्येक यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त यात्री देश के उन सभी मेट्रो नेटवर्क में भी इसी कार्ड का उपयोग कर सकेंगे, जहां एनसीएमसी सुविधा उपलब्ध है।
यूपीएमआरसी के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र ने बताया कि मेट्रो के कारिडोर-एक (आइआइटी-नौबस्ता) के शेष सेक्शन (सेंट्रल-नौबस्ता) पर जल्द ही शुरू होने वाली यात्री सेवा को देखते हुए एनसीएमसी कार्ड पर मिलने वाली 10 प्रतिशत की छूट शहरवासियों के लिए मेट्रो यात्रा को और अधिक किफायती बनाएगी। उदाहरण के तौर पर आइआइटी से सेंट्रल रेल स्टेशन तक का किराया 40 रुपये यात्री किराया है, जबकि एनसीएमसी कार्डधारकों को 10 प्रतिशत की छूट के बाद केवल 36 रुपये का भुगतान करना पड़ता है।
इसके अलावा, शहर से बड़ी संख्या में यात्री प्रतिदिन कार्य अथवा अन्य कारणों से लखनऊ की यात्रा करते हैं। सेंट्रल रेलवे स्टेशन से मेट्रो कनेक्टिविटी होने के बाद यात्री एक ही एनसीएमसी कार्ड के माध्यम से कानपुर मेट्रो के साथ-साथ लखनऊ मेट्रो में भी निर्बाध यात्रा कर सकेंगे। इससे न केवल टिकट खरीदने की अतिरिक्त प्रक्रिया से राहत मिलेगी, बल्कि समय और धन दोनों की बचत भी होगी।
आगरा, लखनऊ व कानपुर मेट्रो सेवाओं में एक ही कार्ड से यात्रा
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में एनसीएमसी गो-स्मार्ट कार्ड की सुविधा सबसे पहले चार अप्रैल 2023 को कानपुर मेट्रो में प्रारंभ की गई थी, जबकि मई 2025 से इसे आगरा मेट्रो में भी लागू किया गया। अब लखनऊ मेट्रो के जुड़ने के साथ यूपीएमआरसी की ओर से संचालित तीनों मेट्रो सेवाओं में एक ही कार्ड से यात्रा संभव हो गई है। ''''वन नेशन, वन कार्ड'''' की अवधारणा पर आधारित एनसीएमसी एक इंटरआपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है। इसका उपयोग देश के विभिन्न एनसीएमसी-सक्षम मेट्रो नेटवर्क, बस सेवाओं, पार्किंग, रिटेल आउटलेट्स और अन्य डिजिटल भुगतान सेवाओं में किया जा सकता है।
खबरें और भी
कानपुर और आगरा मेट्रो के बाद अब लखनऊ मेट्रो में भी नेशनल कामन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस कार्ड की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह एक इंटरआपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है। एनसीएमसी सुविधा से युक्त देश के अन्य मेट्रो नेटवर्क, बस सेवाओं, पार्किंग सुविधाओं और रिटेल सेवाओं में भी इसका उपयोग किया जा सकता है। इससे यात्री एक ही कार्ड के माध्यम से विभिन्न शहरों में निर्बाध यात्रा कर सकेंगे, जिससे उनके समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी।
- सुशील कुमार, प्रबंध निदेशक-यूपीएमआरसी
यह भी पढ़ें- जाजमऊ के नए गंगा पुल से जुड़ेगा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, गडकरी ने सर्वे और DPR के दिए निर्देश