15 दिन पहले सिर से उठा पिता का साया... गंगा घाट से दीपदान कर लौट रहे मां-बेटे की हुई मौत, तेज रफ्तार ट्रक ने ली जान
कानपुर के बिल्हौर में नानामऊ रोड पर सोमवार देर शाम एक ट्रक ने स्कूटी सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी, ...और पढ़ें
-1788798831231_m.webp)
राजेश्वरी और सूरज की फाइल फोटो। सीएचसी में बिलखते स्वजन। जागरण
HighLights
बिल्हौर में ट्रक की टक्कर से मां-बेटे की मौत
पिता के दीपदान के बाद गंगा घाट से लौट रहे थे
पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी
संवाद सहयोगी, बिल्हौर(कानपुर)। नानामऊ रोड स्थित महाविद्यालय के पास सोमवार देर शाम ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार मां- बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक और चालक की तलाश शुरू की।
कुदौरा गांव निवासी 45 वर्षीय सूरज गौतम पुत्र स्व. ओमप्रकाश गौतम मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते थे। 15 दिन पूर्व पिता के निधन के चलते वह गांव आए थे। परिवार में पत्नी गीता, दो बेटे सुमित, सनी और एक बेटी सुमन हैं।
सोमवार की शाम सूरज अपनी 65 वर्षीय मां राजेश्वरी को लेकर स्कूटी से नानामऊ गंगा घाट पर पिता का दीपदान करने गए थे। उनके भाई जगत सिंह भी दूसरी बाइक से साथ गए थे। देर शाम सूरज मां के साथ स्कूटी से वापस लौट रहे थे।
नानामऊ रोड पर स्थित महाविद्यालय के पास पीछे से आए ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में मां- बेटे सड़क पर गिर गए। इस दौरान हेलमेट न होने के कारण पहिया सिर से निकलने के चलते दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पीछे बाइक से आ रहे जगत सिंह ने हादसा देख शोर मचाया। इस दौरान चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। जगत सिंह की सूचना पर स्वजन पहुंच गए। मां- बेटे की मौत से स्वजन बेहाल हो गए। पुलिस ने जांच पड़ताल कर मां -बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि हादसे में मां बेटे की मौके पर ही मौत हो गई थी। स्कूटी में टक्कर मारने वाले ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
