Kanwar Yatra 2026 : 30 जुलाई से श्रावण मास; शिवभक्तों को बड़ी सौगात, कानपुर से काशी और बाराबंकी के लिए चलेंगी 50 स्पेशल बसें
30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास के दौरान शिवभक्तों की सुविधा के लिए कानपुर से वाराणसी और बाराबंकी के प्रमुख शिव मंदिरों तक 50 विशेष बसों का संचालन ...और पढ़ें

झकरकटी रोडवेज बस अड्डे पर मौजूद यात्री। जागरण
HighLights
30 जुलाई से श्रावण मास में कानपुर से वाराणसी और बाराबंकी के लिए 50 स्पेशल बसें चलेंगी
शिवभक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने अतिरिक्त बसों की विशेष व्यवस्था की है
जागरण संवाददाता, कानपुर। 30 जुलाई से श्रावण मास शुरू हो रहा है। यहां से पूरे महीने भर में एक लाख से अधिक शिव भक्त वाराणसी (काशी) में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए जाते हैं। लोधेश्वर नाथ महादेव के दर्शन के लिए भी लोगों का बाराबंकी आना-जाना होता है। शिव भक्तों के आवागमन को लेकर परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी हैं। झकरकटी रोडवेज बस अड्डे के एआरएम (सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक) के मुताबिक, कानपुर क्षेत्र से 50 बसें वाराणसी और बाराबंकी के लिए चलाई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर स्पेशल बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
वर्तमान में वाराणसी के लिए कानपुर से 15 बसें संचालित हैं, जबकि बाराबंकी के लिए 30-35 बसों का संचालन हो रहा है। इधर, 30 जुलाई से श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है। जिसके क्रम में परिवहन निगम की ओर से शिव भक्तों की राह आसान करने के लिए अतिरिक्त बसें लगाने की तैयारी की जा रही है।
एआरएम पंकज तिवारी ने बताया कि हर साल श्रावण मास में कानपुर क्षेत्र से लगभग एक लाख यात्री वाराणसी में भगवान भोलेनाथ के दर्शन को जाते हैं। इसी तरह बाराबंकी में लोधेश्वर नाथ महादेव के दर्शन के लिए भी अच्छी-खासी संख्या में शिव भक्त कानपुर क्षेत्र से आते-जाते हैं। इनकी संख्या को देखते हुए निगम में तैयारी शुरू हो गई है।
यात्रियों के लिए जुटाई जा रही सुविधाएं
एआरएम ने बताया कि झकरकटी रोडवेज बस अड्डा पर यात्रियों की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से कूल शेल्टर होम बनाया गया है। इसके अलावा दो वाटर कूलर भी लगाए गए हैं। गर्मी को देखते हुए यात्रियों के लिए बस अड्डा कार्यालय में ओआरएस घोल की भी व्यवस्था कर ली गई है। साथ ही अन्य संबंधित बिंदुओं पर विचार कर बस अड्डा परिसर में शिव भक्तों के लिए तैयारी की जा रही है।