कानपुर में एक घंटे जमकर बारिश, जलभराव की देखें खतरनाक तस्वीर, कैसे अव्यवस्था से जूझते दिखे शहरवासी
कानपुर में एक घंटे की मूसलाधार बारिश से शहर के मुख्य इलाके जलमग्न हो गए, जिससे वीआईपी रोड, टाटमिल और गोविंदपुरी जैसे प्रमुख चौराहों पर कई फीट पानी भर ...और पढ़ें

ग्वालटोली में वर्षा के पानी से हुए जलभराव के बीच से जाते लोग। जागरण
HighLights
सर्वोदय नगर, जूही खलवा पुल, कबाड़ी मार्केट समेत कई जगह जलभराव
जाजमऊ में कच्चा मकान गिरा, सिविललाइंस में स्कूल की बाउंड्रीवाल गिरी
फजलगंज और दादानगर औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों के अंदर भी भरा पानी
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में रविवार को महज एक घंटे की मूसलाधार बारिश शहर के मुख्य क्षेत्र जलमग्न हो गए। वीआईपी रोड, टाटमिल और गोविंदपुरी समेत प्रमुख चौराहों पर कई फीट पानी भर गया। सड़क से लेकर दुकानों और घरों में पानी भर गया। सड़कें समंदर बनीं, तो गाड़ियां बंद होने से लोग धक्का लगाने को मजबूर दिखे। नालों की सफाई न होने से हुए इस जलभराव में कई वाहन चालक गिर रहे थे। देखें कानपुर में अव्यवस्था की ये तस्वीरें।
यहां स्थिति सबसे खराब
वीआईपी रोड, गोविंदपुरी पुल, टाटमिल चौराहा, जेके मंदिर, बर्रा, नौबस्ता बाइपास चौराहा, गोविंदनगर के नंदलाल और चावला चौराहा समेत कई स्थानों पर सड़कें पानी से लबालब रहीं। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान दिखे। कई बाइक और स्कूटर पानी में बंद हो गए, जिन्हें धक्का लगाकर निकालना पड़ा। चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात रेंगता रहा।

वीआईपी रोड पर लगा भीषण जाम| जागरण
नालों की सफाई के दावे हवा हवाई
बारिश के बीच जलनिकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। नालों की सफाई के दावों के बावजूद सड़कों से पानी समय पर नहीं निकल सका, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। ट्रैफिक पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों पर यातायात सुचारु कराने में जुटे रहे, लेकिन जलभराव के बीच स्थिति सामान्य कराने में भी उनके पसीने छूट गए।
ग्वालटोली में जलभराव हाेने के कारण डूबा आटो। जागरण
सीसामऊ नाला ओवरफ्लो, वीआइपी रोड व खलासी लाइन में भरा पानी, फंसे वाहन
छुट्टी के दिन परिवार संग घूमने निकले लोग जलभराव में फंस गए। सीसामऊ नाला ओवरफ्लो होने से वीआइपी रोड, खलासीलाइन, ग्वालटोली समेत कई जगह पानी भर गया। नाला व सड़क बराबर हो गया। सीसामऊ नाला की तरफ आने वाले लोगों को क्षेत्रीय लोग सचेत करते रहे, ताकि कोई वाहन नाले में न गिर जाए।
खबरें और भी

स्कूल की बाउंड्रीवाल गिरी
आनंदेश्वर मंदिर परमट जाने वाले रास्ते में भी पानी भर गया। वहीं सर्वोदयनगर, लाजपतनगर, पांडुनगर, जूही खलवा पुल समेत कई जगह पानी भरने के कारण लोग फंस गए। जाजमऊ में एक कच्चा मकान और सिविल लाइंस में एक स्कूल की बाउंड्रीवाल गिर गई। वर्षा के साथ ही नगर निगम की जोनवार टीमों ने चोक गली पिट और नालियों की सफाई करके कचरा निकाला और जलनिकासी कराई। देर रात तक कई इलाकों मे पानी भरा रहा। वहीं सीएम ग्रिड योजना में बन रही सड़कें और धंसी सड़कें खतरनाक हो गईं। कीचड़ होने से वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया।
ग्वालटोली में जलभराव हाेने के कारण फंसी कार । जागरण
डाट नाला चोक होने से बढ़ी परेशानी
मेट्रो ने देवकी टाकीज से नीरक्षीर चौराहा की तरफ डाट नाला चोक कर दिया है। इसके चलते वर्षा में सर्वोदय नगर, पांडुनगर व काकादेव में पानी भर गया। पीपीएन मार्केट, साइकिलमार्केट, जरीबचौकी से गांधीनगर, रावतपुर क्रासिंग, देवनगर, आचार्यनगर, जरीबचौकी, गुमटी नंबर पांच क्रासिंग के पास पानी भर गया। कौशलपुरी, गुमटी नंबर पांच, रामबाग, जवाहरनगर में भी जलभराव हुआ। कबाड़ी मार्केट, लाजपतनगर, फजलगंज चौराहा, नंदलाल चौराहा, नौबस्ता, साकेतनगर, जरौली, खाड़ेपुर समेत कई जगह पानी भरा रहा। फजलगंज और दादानगर औद्योगिक क्षेत्र में कई फैक्ट्रियों में पानी भर गया।

रैदास विहार में गिरा जर्जर मकान
जाजमऊ के रैदास विहार से 200 मीटर दूरी पर बसे हासमी नगर में शबाना का जर्जर मकान गिर गया। घटना के दौरान परिवार के लोग बाहर थे जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। बता दें कि मंगलवार को हुई वर्षा के बाद मोहल्ले में पानी भरा रहा। यहां कुछ दिन पहले एक दीवार गिरी थी, जिससे काफी घरों को नुकसान हुआ था।
सीसामऊ नाला भरा
इसके अलावा सिविललाइंस में रिजर्व बैंक कालोनी के पीछे स्थित वेस्टकाट स्कूल की बाउंड्रीवाल गिर गई। नगर निगम की अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल ने बताया कि सीसामऊ नाला के गेट खोल दिए गए हैं। तेज वर्षा के कारण सीसामऊ नाला भर गया था। इससे वीआइपी रोड में पानी भरा था। जलनिकासी शुरू हो गई है। परमट में पानी निकाल दिया गया। नगर निगम के मुख्य अभियंता सैय्यद फरीद अख्तर जैदी ने बताया कि टीमें गलीपिट और नालियों की सफाई कर जलनिकासी करा रही हैं।