Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पशुपालकों के लिए बड़ी खुशखबरी, 10 गायों की डेयरी पर सरकार देगी 11.90 लाख रुपये तक की मदद, जल्द करें आवेदन

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 07:16 PM (IST)

    कानपुर के पशुपालकों को नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत 10 स्वदेशी गायों की डेयरी इकाई पर 11.90 लाख रुपये तक का अनुदान मिलेगा। इच्छुक गोपालक 21 जुलाई तक ऑनल ...और पढ़ें

    नंद बाबा दुग्ध मिशन।

    नंद बाबा दुग्ध मिशन।

    HighLights

    1. 10 स्वदेशी गायों की डेयरी पर 11.90 लाख अनुदान

    2. नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत मिनी नंदिनी योजना

    3. आवेदन की अंतिम तिथि 21 जुलाई, ऑनलाइन प्रक्रिया

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के पशुपालकों के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार के नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत संचालित मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में 10 स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों की डेयरी इकाई लगाने करने पर अधिकतम 11.90 लाख रुपये तक का अनुदान दिए जाने की व्यवस्था की है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि इच्छुक गोपालक 21 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

    उन्होंने बताया कि योजना के तहत गिर, साहिवाल और थारपारकर जैसी स्वदेशी नस्लों की 10 गायों की डेयरी इकाई लगाई जाएगी। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 23.60 लाख रुपये है, जिसमें सरकार की ओर से 50 प्रतिशत तक अनुदान दो चरणों में उपलब्ध कराया जाएगा। शेष राशि में लाभार्थी को 15 प्रतिशत खुद का अंशदान देना होगा, जबकि 35 प्रतिशत बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। यदि कोई लाभार्थी बैंक ऋण नहीं लेना चाहता है तो उसे अपने वित्तीय संसाधनों का प्रमाण प्रस्तुत देना होगा।


    डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि योजना के तहत 50 प्रतिशत महिलाओं और 50 प्रतिशत पुरुष पशुपालकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। गायों की खरीद प्रदेश के बाहर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी। इसके लिए लाभार्थी के पास पशुओं के रखरखाव, हरे चारे की उपलब्धता और लगभग 0.20 एकड़ जमीन की उपलब्धता होना भी जरूरी है।


    उन्होंने बताया कि पूर्व में कामधेनु, मिनी कामधेनु, माइक्रो कामधेनु, मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना अथवा नंद बाबा दुग्ध मिशन की नंदिनी कृषक समृद्धि योजना का लाभ प्राप्त कर चुके व्यक्ति इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। सीवीओ ने बताया कि आवेदन नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जा रहे हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं पात्रता की शर्तों के लिए इच्छुक पशुपालक मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय या उप दुग्धशाला विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- कानपुर में 38 खाद बिक्री केंद्रों पर बड़ी छापेमारी, गुणवत्ता जांच के लिए 16 नमूने लिए, 2 को चेतावनी